उन्नाव। बारासगवर थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब 75 लाख रुपये कीमत का 151 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक ट्रक और एक स्विफ्ट डिजायर कार भी सीज की गई।पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को धानीखेड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर महेशखेड़ा चौराहे के पास पाटन की ओर से आ रहे ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में गार्नेट पाउडर की बोरियों के बीच चार बोरियों तथा कार से एक बोरी में कुल 151 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपितों में रायबरेली निवासी राहुल सिंह, ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) निवासी विशाल दास तथा उन्नाव निवासी अभिषेक यादव, राम सिंह, अरविंद यादव और विशाल शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से लाकर उन्नाव के रास्ते उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर भेजा जाता था, जहां इसे अशोक उर्फ जग्गा के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर बेचा जाता था।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छह मोबाइल फोन और 5,550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। ट्रक और कार के दस्तावेज न मिलने पर दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। इस संबंध में थाना बारासगवर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांजा तस्करी का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार
