जलशक्ति मंत्री ने सीतापुर में पेयजल परियोजना का किया लोकार्पण: स्वतंत्र देव सिंह बोले -1733 गांवों में पहुंचा नल से जल, दिसंबर 2026 तक हर घर लक्ष्य

सीतापुर– उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के अंतर्गत आज विकास खंड रामपुरमथुरा की सेमरी पेयजल योजना का जलार्पण मा0 मंत्री जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग), उ0प्र0 श्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा विधिवत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, उल्लास एवं जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जलार्पण के साथ किया गया। माननीय जल शक्ति मंत्री ने योजना के माध्यम से ग्रामीणों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल से जल पहुँचाना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हो सके। विकास खण्ड रामपुर मथुरा की सेमरी पेयजल योजना में 01 नग नलकूप, 01 पम्प हाउस, 01 नग शिरोपरि जलाशय, 10.591 किमी0 वितरण प्रणाली एवं 625 नग पेयजल गृह संयोजन के कार्य प्रस्तावित थे। प्रस्तावित कार्यो के सापेक्ष 01 नग नलकूप, 01 पम्प हाउस, 01 नग शिरोपरि जलाशय पूर्ण करते हुए एवं 10.93 किमी0 वितरण प्रणाली बिछाकर 520 नग क्रियाशील पेयजल गृह संयोजन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

अपने संबोधन में माननीय मंत्री महोदय ने ग्रामीणों से जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जल अमूल्य प्राकृतिक संसाधन है और इसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें तथा पेयजल योजनाओं की सुरक्षा एवं रखरखाव में सक्रिय सहभागिता निभाएँ। कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री महोदय ने वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। अधिक से अधिक वृक्षारोपण से भूजल स्तर को बनाए रखने, वर्षा के जल का संरक्षण करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

मा0 विधान परिषद सदस्य श्री पवन कुमार सिंह चौहान जी द्वारा जल जीवन मिशन के अन्तर्गत योजनाओं में किये जा रहे नये वैज्ञानिक नवाचार सोलर सिस्टम, आॅटोमेशन तकनीक स्काडा, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के लिये रिचार्ज पिट, आपातकालीन आग पर काबू पाने के लिये प्रत्येक योजना में बनाये गये फायर हाइड्रेण्ट पर प्रकाश डालते हुए सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना की तारीफ की व जल संरक्षण के महत्व पर विस्तृत चर्चा की।

मा0 विधायक महमूदाबाद श्रीमती आशा मौर्या जी ने मंत्री जी का स्वागत कर क्षेत्र में जल जीवन मिशन, बाढ़ रोकने की परियोजना समेत विभिन्न योजनाओं के लिये सरकार का क्षेत्र की जनता की तरफ ये आभार व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 दीक्षा जोशी ने सभी आगन्तुकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्यों, पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने, जल स्रोतों की स्वच्छता, घरेलू जल कनेक्शनों के उचित उपयोग तथा योजना के संचालन एवं संरक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें जल संरक्षण के विभिन्न उपायों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए सरकार के इस प्रयास की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से महिलाओं एवं बच्चों को विशेष राहत मिलेगी, जल लाने में लगने वाले समय की बचत होगी तथा स्वच्छ पेयजल मिलने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार एवं जल शक्ति विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस योजना को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में अत्यंत हर्ष एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन को ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली ऐतिहासिक पहल बताते हुए सरकार के प्रति धन्यवाद एवं कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी जल जीवन मिशन को जन-जन का अभियान बनाने तथा प्रत्येक योजना का सफल संचालन सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण, जल का सदुपयोग तथा पेयजल योजनाओं के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। यह आयोजन ग्रामीणों में जागरूकता, जनभागीदारी तथा जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देने में अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *