यातायात व्यवस्था होगी और सख्त, एसएसपी ने इंटरसेप्टर वाहन को किया रवाना

यातायात व्यवस्था होगी और सख्त, एसएसपी ने इंटरसेप्टर वाहन को किया रवाना

ओवरस्पीड, नशे में ड्राइविंग और यातायात नियम तोड़ने वालों पर रहेगी पैनी नजर

लखीमपुर खीरी। जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस लाइन परिसर से आधुनिक सुविधाओं से लैस यातायात इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन अब जिले के विभिन्न मार्गों और हाईवे पर यातायात प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा संबंधी कार्य करेगा।इस अवसर पर एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना और यातायात नियमों का प्रभावी पालन कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।यह आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन ओवरस्पीड वाहनों की पहचान करने, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों की निगरानी करने तथा ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने में मदद करेगा। इसके अलावा हाईवे और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, दुर्घटना होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य भी करेगा।

इंटरसेप्टर वाहन में लगे आधुनिक कैमरे एवं अन्य तकनीकी उपकरण यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के साक्ष्य एकत्र करेंगे, जिससे उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।एसएसपी ने यातायात शाखा के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि इंटरसेप्टर वाहन का उपयोग पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ किया जाए तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।इस मौके पर यातायात शाखा के अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *