केशव बोले-सपाई ऐसे चिल्ला रहे, जैसे इनका पैसा चोरी हुआ:100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली; गुस्साए सपा MLC वेल में आए, हंगामा

यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को विधानपरिषद में राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर हंगामा हो गया। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा- सूप बोले तो बोले, छलनी भी बोले, जिसमें बहत्तर छेद। सपा के लोग बाबर से रिश्तेदारी जोड़ते थे। 1990 में इन्हीं लोगों ने राम भक्तों की हत्या कराई थी। इस पर सपा MLC नाराज हो गए। वे कुर्सियां छोड़कर वेल में आ गए और ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाने लगे। गुस्साए केशव मौर्य ने कहा- सौ चूहे खाकर बिल्ली हज करने को चली है। जवाब में सपा विधायकों ने कहा- आप चढ़ावा चोरी करके हज को चले। इस पर केशव ने कहा- अयोध्या में भव्य मंदिर देखकर इनकी छाती फट रही है। मथुरा और काशी में भी मंदिर बनकर रहेगा। ऐसे चिल्ला रहे हैं, जैसे इनका दिया हुआ पैसा चोरी हो गया हो। एक रुपया दिया नहीं और चढ़ावा चोरी की बात कर रहे हैं। इतनी बेशर्मी। इससे पहले, सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे सपा-कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के बाहर राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन किया। सपाई दानपेटी में चिल्लर भरकर पहुंचे। हाथों में पोस्टर थे, लिखा था- ‘नीट है या चीट है’, ‘राम के नाम पर लूट है।’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने X पर लिखा- ‘आरंभ ही प्रचंड है।’ सदन शुरू होने से पहले सीएम योगी ने मीडिया से बात की। कहा- जिन लोगों के समय किसानों के हितों पर कुठाराघात हुआ, आज वही लोग किसानों की बात कर रहे हैं। उनका दोहरा चरित्र देखिए। इन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। आज राम मंदिर की बात कर रहे हैं। जनता इन्हें देख रही है। विधानसभा में देश के सबसे उम्रदराज सपा विधायक आलमबदी के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा गया। सीएम योगी, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित सभी दलों के नेताओं ने शोक प्रस्ताव पढ़कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने 2 मिनट का मौन रखा। सीएम ने कहा- उनके निधन से प्रदेश ने एक कुशल राजनीतिज्ञ और समाजसेवी खो दिया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। मानसून सत्र 4 दिनों यानी 6 अगस्त तक चलेगा। मंगलवार को प्रश्नकाल के बाद संसदीय कार्य और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश करेंगे। इस दौरान 9 अध्यादेश भी पारित हो सकते हैं। संभल दंगों की जांच के लिए गठित न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। 3 तस्वीरें देखिए- मानसूत्र सत्र से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *