अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव एवं फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद समेत अन्य नेताओं के चित्रों के कथित अपमान के विरोध में सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के नेताओं का सार्वजनिक अपमान लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर अभद्रता स्वीकार्य नहीं है।
पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद ने इसे अवधेश प्रसाद ही नहीं बल्कि दलित समाज का भी अपमान बताया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी मियां’ ने कहा कि लोकतंत्र सम्मान और सहिष्णुता से चलता है तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। प्रदर्शन में पूर्व एमएलसी लीलावती कुशवाहा, बख्तियार खान, राघवेंद्र प्रताप सिंह ‘अनूप’, सरोज यादव,शावेज जाफरी सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
