पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, आठ बाइक व दो चेसिस बराम
अयोध्या। थाना इनायतनगर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें तथा दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों की चेसिस बरामद की हैं। इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी के मुकदमे का सफल अनावरण हुआ है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे पाठक का पुरवा, भागीपुर स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास छापेमारी कर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपितों में सुल्तानपुर निवासी अनीस कुमार उर्फ राजू, गंगा राम, अजय पांडेय तथा विजेंद्र कुमार पांडेय उर्फ अतुल कुमार पांडेय शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी और दो खुली चेसिस बरामद हुई हैं। बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में अजय पांडेय, गंगा राम और विजेंद्र कुमार पांडेय के खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत विधिक कार्रवाई जारी है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रामअवध पाल तथा कांस्टेबल युवराज सिंह की टीम शामिल रही।
