यूपी में जोरदार बारिश, मथुरा में बाइक-स्कूटी डूबी:अंडरपास में 4 फीट पानी भरा, लखनऊ-उन्नाव में सड़कें तालाब बनीं

यूपी में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी-मथुरा समेत 50 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बाकी जिलों में बादल छाए हैं। मथुरा में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में 4 फीट तक पानी भर गया। कई स्कूटी और बाइक डूब गईं। लोग कमर तक पानी में चलते दिखाई दिए। लखनऊ और उन्नाव में 15 घंटों से रिमझिम बारिश हो रही है। सोमवार रात 9 बजे शुरू हुआ तेज बारिश का सिलसिला मंगलवार दोपहर तक जारी है। सड़कें तालाब बन गई हैं। घरों में पानी घुस गया है। कई इलाकों की बिजली गुल है। बाराबंकी में 4 घंटे की मूसलाधार बारिश से बस स्टेशन परिसर में जलभराव हो गया। रायबरेली में भारी बारिश की वजह से कक्षा-8 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। आगरा में भी रात 1 बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 72 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। उधर, पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश से यूपी में गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद के 24 और बिजनौर के 6 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। दोनों शहरों में स्टेट हाईवे पर पिछले 5 दिनों से गंगा का पानी बह रहा है। बिजनौर के चांदपुर में सड़क बहने से 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे ज्यादा 71.8 मिमी. बारिश कन्नौज में रिकॉर्ड की गई। कानपुर में 31.2 मिमी. और लखनऊ में 31 मिमी. बारिश हुई। यह एक दिन में औसत बारिश से 4 गुना ज्यादा है। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम अब यूपी के ऊपर एक्टिव हो गया है। यह दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है। इस वजह से कई चक्रवात सक्रिय हो गए हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं। इसके असर से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *