सत्ता परिवर्तन का संदेश देगी दिल्ली रैली, गांव-गांव निकलेगी भाकपा की पदयात्रा : डॉ. गिरीश शर्मा

अयोध्या। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनसंपर्क अभियान तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी ने 6 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेशभर के गांव-गांव पदयात्रा निकालने तथा 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है। भाकपा नेताओं ने दावा किया कि यह रैली देश की राजनीतिक दिशा बदलने का संदेश देगी।

फैजाबाद प्रेस क्लब सभागार में आयोजित संयुक्त कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. गिरीश शर्मा ने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा समेत कई मुद्दों पर सरकार से नाराज है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर दान चोरी प्रकरण में शामिल मुख्य लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही कहा कि छात्र-नौजवान अपनी समस्याओं को लेकर देशभर में आंदोलित हैं और उनकी एकजुटता ने लोगों में नया विश्वास पैदा किया है।

उन्होंने कहा कि भाकपा शिक्षा के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। डॉ. शर्मा ने कार्यकर्ताओं से पदयात्रा को सफल बनाने तथा 1 सितंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।बैठक में भाकपा के राज्य सचिव अरविंद राज स्वरूप ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, छात्र, कर्मचारी और नौजवान विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलित हैं। आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से युवाओं और महिलाओं का आर्थिक शोषण किया जा रहा है तथा शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।बैठक में देवीपाटन, बस्ती और अयोध्या मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड सत्यनारायण तिवारी ने तथा संचालन कामरेड अशोक कुमार तिवारी ने किया।इस अवसर पर राज्य सचिव मंडल के सदस्य रामचंद्र ‘सरस’, सुल्तानपुर के शारदा प्रसाद पांडेय, गोंडा के ईश्वर शरण शुक्ल, प्रगतिशील लेखक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रघुवंशमणि त्रिपाठी, एआईएसएफ के राज्य सचिव चंद्रमान, बलरामपुर के धर्मराज यादव, फैजाबाद के उदय चंद यादव सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं से पदयात्रा व दिल्ली रैली को सफल बनाने की अपील की। बैठक में यासीन बेग, सम्पूर्णानंद बाजपेयी ‘बागी’, शैलेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश यादव, बद्रीनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *