अयोध्या। चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता में कमी मिलने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-3) के अधिशासी अभियंता सहित 13 इंजीनियरों के अगस्त माह के वेतन पर तत्काल रोक लगा दी है। सभी अधिकारियों को सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।हाल ही में मंडलायुक्त राजेश कुमार के साथ किए गए स्थलीय निरीक्षण में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी और अधिकारियों की प्रभावी निगरानी का अभाव सामने आने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्रवाई की जद में अधिशासी अभियंता सत्यपाल सिंह, सहायक अभियंता अखिल वर्मा, विपिन कुशवाहा व पूर्ण कुमार रस्तोगी तथा अवर अभियंता विनोद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, मनोज कुमार श्रीवास्तव, करुणेश कुमार सिंह, प्रवीण कुमार शर्मा, मनोज कुमार, अशोक कुमार यादव, विनोद कुमार विश्वकर्मा और स्वतंत्र कुमार बीहड़ शामिल हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित और धार्मिक महत्व की परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से संतोषजनक स्पष्टीकरण देने और निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
