कीचड़ और गंदगी से पटा नौनिहालगंज का मुख्य बाजार जिम्मेदार कर रहे अनदेखी

उन्नाव। बांगरमऊ का नौनिहालगंज इन दिनों अपनी बदहाली पर आशू बहा रहा और लचर प्रशासनिक व्यवस्था की मार झेल रहा है। क्षेत्र में हो रही हल्की बरसात और बूंदाबांदी ने यहां की गलियों व रास्तों की पोल खोलकर रख दी है। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह फैले कीचड़, जलभराव और गंदगी के अंबार ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है।नौनिहालगंज बाजार बांगरमऊ का एक अत्यंत व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का कहना है कि जरा सी बारिश या बूंदाबांदी होते ही पूरी सड़क पर पानी भर जाता है। सीवर और नाले की उचित निकासी न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है, जो कीचड़ के साथ मिलकर दलदल जैसी स्थिति पैदा कर देता है। बाजार मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और साइकिल- मोटरसाइकिल सवारों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। पैदल चलने वालों के कपड़ों पर वाहनों के गुजरने से गंदा पानी और कीचड़ उछलना आम बात हो गई है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बाजार में फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण ग्राहकों ने इस मार्ग से दूरी बनानी शुरू कर दी है, जिसका सीधा असर स्थानीय दुकानदारों के व्यापार पर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित बाजार मालिकों, अधिकारियों और नगर पालिका प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की गुहार लगाई, लेकिन हर बार उन्हें केवल कोरे आश्वासन ही मिले। नालियों की समय पर सफाई न होने और सड़कों का निर्माण कार्य अधूरा या लचर होने से यह समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। नगरवासियों और व्यापारियों ने उन्नाव जिला प्रशासन तथा नगर पालिका परिषद बांगरमऊ के जिम्मेदार अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि नौनिहालगंज बाजार की इस मुख्य सड़क पर तत्काल प्रभाव से विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही, जलभराव की समस्या से हमेशा के लिए निजात पाने हेतु नालियों के निर्माण और सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को इस नरकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *