नाबालिग बालिकाओं से छेड़छाड़ के आरोप में चार गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में भेजे गए जेल

नसीराबाद, रायबरेली। नसीराबाद थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही तीन नाबालिग बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जमालपुर हुरैया निवासी रामचन्द्र पुत्र रामसेवक ने नसीराबाद थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 3 अगस्त को करीब 3:30 बजे ग्राम शिवप्रसाद का पुरवा, मजरा महमदपुर में स्कूल से लौट रही 12 वर्षीय तीन नाबालिग बालिकाओं के साथ चार लोगों ने छेड़छाड़ की। आरोप है कि इस दौरान बालिकाओं के साथ जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया। तहरीर के मुताबिक, बालिकाओं द्वारा घटना का विरोध करने और शोर मचाने पर उनके परिजन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने बालिकाओं के परिजनों के साथ भी मारपीट करते हुए जातिसूचक गाली-गलौज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नसीराबाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को नसीराबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छोटी नहर पुलिया के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इसराइल उर्फ पप्पू मौलाना पुत्र अलेयार, मुर्तजा उर्फ मंगरे पुत्र अजीज, अली मर्द उर्फ बुद्धे पुत्र अजीज तथा मो. आदिल पुत्र मुर्तजा, सभी निवासी पूरे शिवप्रसाद, मजरा महमदपुर नमकसार, थाना नसीराबाद, के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना स्थानीय पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक करुण शंकर तिवारी, उपनिरीक्षक विमल कान्त गोयल, उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार, आरक्षी अरुण यादव, आरक्षी चालक प्रमोद कुमार मिश्रा, रिजर्व आरक्षी अविरल गंगवार, अभिषेक कुमार, सूरज भट्ट शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *