बिना ओटीपी-पिन साझा किए निकली रकम, साइबर ठगी की शिकायत से बैंकिंग सुरक्षा पर उठे सवाल
उन्नाव। साइबर अपराधियों के बढ़ते हौसले के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने बैंक खातों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्लागंज निवासी अमित सैनी के बैंक खाते से कथित तौर पर 90 हजार रुपये की रकम बिना उनकी अनुमति के निकाल ली गई। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही यूपीआई पिन साझा किया। इसके बावजूद खाते से रकम निकल गई।
पीड़ित के मुताबिक 5 अगस्त को सुबह करीब 10:58 बजे खाते से लेनदेन हुआ। मोबाइल पर जानकारी मिलने के बाद उन्हें खाते से रकम निकलने का पता चला। मामले में पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर जांच और रकम वापस कराने की गुहार लगाई है।
शिकायत में संबंधित लेनदेन की जानकारी और ट्रांजेक्शन आईडी भी दर्ज की गई है। पीड़ित का कहना है कि जब उसने स्वयं कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की तो आखिर 90 हजार रुपये खाते से कैसे निकल गए? इस सवाल का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
सबसे बड़ा सवाल
बिना ओटीपी और यूपीआई पिन बताए खाते से रकम निकल गई तो बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा आखिर कितनी मजबूत है? पीड़ित ने साइबर पुलिस से जल्द कार्रवाई कर धनराशि वापस कराने और इस पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
