दशहरा महोत्सव को भव्य बनाने पर बनी रणनीति, 20 अक्टूबर को होगा रावण वध
बिंदकी/फतेहपुर। श्रीरामलीला कमेटी बिंदकी की बैठक शनिवार को श्री हनुमान मंदिर में हवन-पूजन के साथ आयोजित हुई। बैठक में आगामी 18 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कमेटी पदाधिकारियों ने इस बार महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार बिंदकी कस्बे के श्रीरामलीला मैदान के समीप स्थित श्री हनुमान मंदिर में शनिवार सुबह करीब 10 बजे श्रीरामलीला कमेटी बिंदकी के अध्यक्ष शिवम सिंह परिहार उर्फ प्रमोद सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक से पहले कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधि-विधान से हवन-पूजन किया। इसके बाद दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में बताया गया कि 20 अक्टूबर को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम द्वारा अहंकारी रावण का वध किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीरामलीला मैदान में विशाल मेला आयोजित होगा। वहीं 18 से 22 अक्टूबर तक पांचों दिन विभिन्न विशिष्ट कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। श्री हनुमान जी के दरबार को भी भव्य रूप से सजाने की तैयारी है।कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष दशहरा महोत्सव में श्रद्धालुओं और दर्शकों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ कार्यक्रम को पहले से अधिक आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों और तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
इस मौके पर अध्यक्ष शिवम सिंह परिहार उर्फ प्रमोद सिंह के अलावा संरक्षक मंडल के नरेंद्र गुप्ता, रामकुमार साहू, अशोक गुप्ता, रामेश्वर दयाल ‘दयालू’ गुप्ता, सुनील गुप्ता, पुरुषोत्तम ओमर, प्रेम तिवारी, संदीप गुप्ता, चंद्र प्रकाश गुप्ता उर्फ चंदू गुप्ता, नरेश पांडे, रामकुमार गुप्ता, संजय गुप्ता, टीटू गुप्ता, राहुल सिंह, उदय उर्फ छोटू, सोनू गुप्ता, अंकित गुप्ता, उत्कर्ष गुप्ता, सीताराम अवस्थी, संदीप पटेल तथा अन्नू गुप्ता सहित कमेटी के तमाम पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
