रक्तदान महादान: लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष एवं शक्ति के शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

– रक्तदान से जरूरतमंदों को मिलता है जीवनदान, समाजसेवी संस्थाओं से आगे आने का आह्वान

प्रतापगढ़। लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष एवं लायंस क्लब प्रतापगढ़ शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर के अनेक समाजसेवियों एवं रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज खत्री ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष के अध्यक्ष लायन श्याम शंकर शुक्ल ‘श्याम’ ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है। एक यूनिट रक्त से उसके विभिन्न घटकों के माध्यम से कई जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं पात्र लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनना चाहिए। लायंस क्लब प्रतापगढ़ शक्ति की अध्यक्ष लायन लक्ष्मी मिश्रा ने कहा कि रक्तदान के क्षेत्र में महिला और पुरुष में कोई भेद नहीं है। निर्धारित स्वास्थ्य मानकों और पर्याप्त हीमोग्लोबिन वाली पात्र महिलाएं भी रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणा बन सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से भी स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लायंस क्लब इंटरनेशनल के रीजन चेयरपर्सन शिशिर खरे ने दोनों क्लबों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को सामूहिक रूप से रक्तदान अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करना चाहिए। इस तरह के आयोजन समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। शिविर में समाजसेवी आलोक शुक्ला, हेल्दी एवं एक्टिव लाइफस्टाइल न्यूट्रिशन सेंटर के संचालक डॉ. पंकज मिश्रा, कोच अंकिता केशरवानी, लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष के ब्लड डोनेशन चेयरपर्सन अश्वनी सिंह, सचिव संतोष भगवन, लायंस क्लब प्रतापगढ़ शक्ति की सचिव अनीता पांडे, कोषाध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी लक्ष्मी सिंह, राजेश मौर्य सहित अनेक लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष के उपाध्यक्ष आर.बी. सिंह, कोषाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह के साथ ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. दीपिका केसरवानी, पवन नन्दन भट्ट, विशाल शुक्ला, कुसुम लता गुप्ता (काउंसलर), संदीप मिश्रा, आशिक अली, मनोज प्रजापति, शिवम, अर्पित, नितिन श्रीवास्तव, आशीष, खुशबू, रेखा और शमशाद सहित ब्लड बैंक की पूरी टीम का सक्रिय एवं सराहनीय योगदान रहा।आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनहित एवं मानव सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *