बकरी सामने आने से बाइक अनियंत्रित, एक ही परिवार के चार घायल

होमगार्ड ने पेश की मानवता की मिसाल, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

पुरवा, उन्नाव। रक्षाबंधन पर्व पर ससुराल जा रहे एक ही परिवार के चार लोग सड़क हादसे में घायल हो गए। राजकीय इंटर कॉलेज पुरवा के पास अचानक बकरी सामने आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी समेत उनके दो बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
पासाखेड़ा गांव निवासी मनोज पुत्र बोधनाथ अपनी पत्नी रीना, पुत्र अंश और पुत्री आंचल के साथ बाइक से अपने गांव से हिलौली स्थित ससुराल जा रहे थे। राजकीय इंटर कॉलेज पुरवा के पास अचानक सड़क पर बकरी आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। हादसे में चारों को चोटें आईं।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे होमगार्ड राजेश कुमार यादव की नजर सड़क पर घायल पड़े परिवार पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायलों की मदद शुरू की। पहले घायल मनोज और उनकी पत्नी रीना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुरवा पहुंचाकर उपचार कराया। इसके बाद दोबारा घटनास्थल पर पहुंचकर घायल दोनों बच्चों को भी अस्पताल ले गए और उनका उपचार कराया।रक्षाबंधन जैसे पर्व पर होमगार्ड राजेश कुमार यादव की तत्परता और मानवीय संवेदना की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों ने कहा कि उन्होंने ड्यूटी के साथ-साथ इंसानियत का फर्ज निभाते हुए समय पर घायलों की मदद कर मिसाल पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *