लखनऊ जनपद के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के इमलिया खेड़ा गांव के पास शुक्रवार देर रात कार और स्कूटी की मामूली टक्कर के बाद दो दर्जन से अधिक युवकों ने जमकर बवाल किया। आरोप है कि स्कूटी सवार युवक के फोन करने के कुछ ही देर बाद करीब 15 बाइकों से युवक मौके पर पहुंच गए। युवकों ने कार चालक को घेरकर कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर ही उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह भीड़ के चंगुल से निकलकर कार चालक वहां से भागा तो युवकों ने कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। करीब एक घंटे तक चले हंगामे से मोहनलालगंज-मौरावां मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब दस बजे इमलिया खेड़ा गांव के पास वाहन संख्या UP32 GQ 6517 और स्कूटी संख्या UP32 DE 2966 में मामूली टक्कर हो गई थी। कार विजय कुमार पुत्र रामप्रसाद निवासी बरौली खलीलाबाद, थाना पीजीआई चला रहा था। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।कुछ ही देर में करीब 15 बाइकों पर सवार होकर दो दर्जन से अधिक युवक मौके पर पहुंच गए और कार चालक को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे कार से खींचकर बाहर निकाला और मारपीट शुरू कर दी। अचानक बड़ी संख्या में युवकों के पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाकर कार चालक वहां से निकल गया। इसके बाद युवकों ने कार को निशाना बनाते हुए उसके शीशे और अन्य हिस्सों में तोड़फोड़ कर दी।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवकों को वहां से हटाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। सिसेंडी चौकी प्रभारी अनूप सिंह के मुताबिक, मौके से कल्ली पूरब गांव के पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।पुलिस के अनुसार, इस मामले में गोबिंद पुत्र रामसनेही निवासी देवती करणपुर, पप्पू यादव निवासी अर्जुनगंज, सचिन पुत्र पप्पू यादव निवासी सजनापुर, अरुण रावत पुत्र विजय निवासी कल्ली पूरब घाघ और आशीष रावत पुत्र रामलखन निवासी कल्ली पूरब घाघ के साथ आदित्य उर्फ लकी पुत्र रामराज निवासी बरौना को भी हिरासत में लिया गया है।पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ घटना में शामिल अन्य युवकों की भूमिका भी खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।मामूली सड़क हादसे के बाद बड़ी संख्या में युवकों के एकत्र होकर मारपीट और तोड़फोड़ करने से करीब एक घंटे तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी नाराजगी है।
दीपक विमल की रिपोर्ट

