बाराबंकी
लखनऊ-अयोध्या पुराने हाईवे पर इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन आलापुर में हालात जस के तस बने हुए हैं। यहां सब्जी विक्रेता सड़क की पटरी पर ही दुकानें सजाए बैठे रहते हैं और सब्जी खरीदने आने वाले चार पहिया वाहन चालक अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं।
जब दोनों तरफ की पटरियों पर गाड़ियां खड़ी हो जाती हैं तो हाईवे पर आने-जाने वाले वाहनों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता है और हर समय सड़क हादसे की संभावना बनी रहती है।
विदित हो कि पिछले साल नगर पालिका परिषद बाराबंकी ने इन सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग से जमीन उपलब्ध कराई थी, ताकि हाईवे पर अतिक्रमण खत्म हो सके।
इस संबंध में जब पटरी दुकानदारों से बात की गई तो उनका कहना था कि नगर पालिका द्वारा दी गई जमीन पर मुर्गा-मछली की दुकानें लगती हैं, जिसके कारण वहां सब्जी खरीदने वाले ग्राहक नहीं आते। मजबूरी में उन्हें मेन हाईवे की पटरी पर दुकान लगानी पड़ रही है।
वहीं इस पूरे मामले पर जब अधिशासी अभियंता नगर पालिका बाराबंकी संजय शुक्ला से बात किया गया तो उनके द्वारा बताया गया कि “नगर पालिका द्वारा दी गई जमीन पर जब सब्जी विक्रेता दुकानें नहीं लगाते हैं, तभी वहां अन्य लोगों द्वारा दुकानें लगा ली गई हैं। मामला संज्ञान में आया है। बहुत जल्द कार्रवाई कर मुर्गा-मछली की दुकानों को हटाकर सब्जी की दुकानें वहीं लगवाई जाएंगी। जो सब्जी विक्रेता निर्धारित जगह पर दुकान नहीं लगाएगा और सड़क पर अतिक्रमण करेगा, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”
