सिंगर अंकित के हत्यारोपी की धमकी- दो मर्डर और होंगे:VIDEO पोस्ट किया- मारेंगे तो मारेंगे; पुलिस ने सिंगर के परिवार की सुरक्षा बढ़ाई

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में एक लाख रुपए के इनामी शार्प शूटर सत्यम का वीडियो सामने आया है। इसमें वह धमकी देते हुए सुनाई दे रहा है- आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लेना भाई। मारेंगे तो मारेंगे भाई, छोड़ेंगे नहीं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अंकित के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही वीडियो की सत्यता और इसे पोस्ट करने वाले की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। अंकित हत्याकांड के दो शूटरों सुमित (24) और मोहित (22) को यूपी पुलिस ने चार दिन पहले मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। वहीं, अंकित हत्याकांड के दो आरोपी सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं। दोनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है। 26 अगस्त की शाम शामली में जिम से बाहर निकलते समय अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब पूरा मामला पढ़िए बुधवार को इंस्टाग्राम पर ‘kady.4nsatyam’ नाम की आईडी से 17 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें हत्याकांड के आरोपी शूटर सत्यम की फोटो लगी है। वीडियो में उसकी आवाज में ऑडियो चल रहा है। इसमें वह कह रहा है- ‘आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लियो भाई, मारेंगे तो मारेंगे भाई, छोड़ेंगे नहीं।’ वीडियो सामने आने के बाद पुलिस चौकन्नी हो गई। जांच में इंस्टाग्राम, स्नैपचैट समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सत्यम, आर्यन और गोगी गिरोह के नाम से 20 से अधिक अकाउंट सामने आए। इन अकाउंट से लगातार वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। पुलिस सभी अकाउंट की गतिविधियों की जांच कर इन्हें ऑपरेट करने वालों की पहचान में जुटी है। हरियाणा से पहुंचे 12 दोस्तों ने परिवार को किया सतर्क मंगलवार को हरियाणा से अंकित के करीब 12 दोस्त बंतीखेड़ा गांव पहुंचे थे। उन्होंने अंकित के पिता सतबीर सिंह और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। दोस्तों ने परिवार को सतर्क रहने की सलाह दी और आशंका जताई कि गिरोह की ओर से परिवार को भी निशाना बनाया जा सकता है। सतबीर सिंह ने दोस्तों से कहा कि वह अपना बेटा खो चुके हैं। ऐसे में सभी लोग अपना ध्यान रखें और सावधानी बरतें। जेल में बंद आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी हत्याकांड की जांच में पुलिस अब जेल में बंद आरोपियों से भी पूछताछ करेगी। करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रोहित को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस 7 सितंबर को कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी। एएसपी सुमित के मुताबिक, रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। वांछित शूटरों की तलाश में पुलिस की एक टीम चंडीगढ़ एयरपोर्ट भी पहुंची थी। यहां परिसर के साथ आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इसके अलावा करनाल, पानीपत, सोनीपत और पंजाब में भी पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आर्यन का पासपोर्ट एक्सपायर, सत्यम का नेटवर्क खंगाला जा रहा पुलिस की जांच में सामने आया है कि आर्यन का पासपोर्ट एक्सपायर हो चुका था। वह इसे रिन्यू कराने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने करनाल पहुंचकर दोनों शूटरों के बारे में जानकारी जुटाई है। सत्यम से जुड़े लोगों और उसकी पुरानी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को कई संदिग्धों के घरों पर ताले मिले, इनकी भी जानकारी जुटाई जा रही। 26 अगस्त को हुई थी अंकित की हत्या शामली में 26 अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान जिम करके निकले थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें घेरकर 2 मिनट तक लगातार 18 राउंड फायरिंग की थी। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- बालियान परिवार की सुरक्षा में चार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिहाज से पूरी सतर्कता बरती जा रही। आरोपियों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ये सभी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। इंस्टाग्राम पर दावा- सुमित-मोहित का एनकाउंटर नहीं हत्या इंस्टाग्राम पर सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ी एक पोस्ट गुरुवार शाम को सामने आई। इसे भोलू शाहपुरिया के नाम से बनी आईडी से पोस्ट किया गया। इसमें दावा किया गया कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दो आरोपी सुमित और मोहित का एनकाउंटर नहीं हुआ, बल्कि उनकी हत्या की गई है। पोस्ट के मुताबिक, दोनों भाइयों को 30 अगस्त की रात पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास एक होटल से उठाया गया। बाद में शामली लाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसमें अंकित बालियान को निर्दोष बताए जाने पर भी सवाल उठाए गए और पोस्ट के अंत में ‘गोगी भाई’ लिखा गया। पोस्ट सामने आने के बाद एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिस इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया, वह वाकई भोलू शाहपुरिया की है। या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम से बनाई है, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। क्योंकि, 27 अगस्त को भी इस नाम से सिंगर अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने की पोस्ट सामने आई थी। पुलिस की जांच में सामने आया था कि यह पोस्ट कनाडा में बैठे चिराग और अमेरिका में बैठे मोंटी ने भोलू शाहपुरिया के नाम से की थी। अब पुलिस दोबारा सामने आई पोस्ट का कनेक्शन जांचने में जुटी है। मासूम शर्मा बोले- जवान बेटे को खोने का दर्द कोई नहीं भर सकता हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने दिवंगत गायक अंकित बालियान के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया। उन्होंने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण वह गुरुवार को नहीं आ सके थे। मासूम शर्मा ने अंकित की पत्नी सीमा से करीब 15 मिनट बातचीत की। इस दौरान सिंगर खुशी बालियान भी मौजूद थीं। मासूम शर्मा ने कहा कि जवान बेटे को खोने का दर्द कोई नहीं भर सकता। इस नुकसान की भरपाई संभव नहीं है। मैं पहले भी अंकित के परिजनों से बात कर चुका हूं। परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस अफसरों ने भी सुरक्षा का भरोसा दिया था। पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने भी कहा कि वह जल्द ही परिवार को सीएम योगी से मिलवाएंगे। मासूम शर्मा ने हरियाणवी गन कल्चर जैसे गानों के सवाल पर जवाब देने से इनकार कर दिया। ———————- ये खबर भी पढ़ेंः- सिंगर हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर:20 राउंड गोलीबारी, हरियाणा भाग रहे थे; अंकित के पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, आधा बाकी हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के 2 शूटरों को यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत (हरियाणा) की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को घेर लिया। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *