क्रिकेटर दीप्ति की मां खुशी से चिल्लाईं-जय श्रीराम:पाकिस्तान से ट्रॉफी तो दूर, गिफ्ट भी नहीं लेंगे; बेटियों की टीम ने अच्छा किया

‘जब तक पाकिस्तान आतंकवाद खत्म नहीं करता, तब तक हम उसके प्रतिनिधियों के हाथों से ट्रॉफी लेना तो दूर, कोई भी गिफ्ट स्वीकार करना पसंद नहीं करेंगे।’ यह बात क्रिकेटर दीप्ति शर्मा की मां सुशीला शर्मा ने सोमवार को कही। दरअसल, भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। बाद में टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इस जीत में आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 3 विकेट लिए थे। टीम इंडिया की जीत पर आगरा में जश्न दीप्ति के एशिया कप जीतने के बाद आगरा स्थित उनके घर और मोहल्ले में जश्न का माहौल है। फाइनल मुकाबला परिवार और कॉलोनी के लोगों ने साथ बैठकर देखा। भारत की जीत के साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और दीप्ति के परिवार को भी शुभकामनाएं दीं। भारत की जीत के बाद पिता भगवान शर्मा समेत पूरे परिवार ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। परिवार के सदस्यों ने फोन पर दीप्ति से बात कर उन्हें जीत की बधाई दी। दीप्ति की इस उपलब्धि पर परिवार और मोहल्ले के लोगों को गर्व है। दीप्ति के कोच और भाई सुमित शर्मा ने कहा कि पूरे एशिया कप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। फाइनल में 3 विकेट लेने के साथ उन्होंने बाकी मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दीप्ति ने सिर्फ आगरा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट दीप्ति शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 14 विकेट लिए। उन्होंने 5 मैचों में 3.84 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की। श्री चरणी 12 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर रहीं। शेफाली-मंधाना ने दी भारत को मजबूत शुरुआत भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। ओपनर शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। शेफाली ने 68, जबकि स्मृति ने 59 रन बनाए। दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने 183 रन का स्कोर खड़ा किया। अब पढ़िए दीप्ति शर्मा के बारे में… जिद करके स्टेडियम जाती थीं दीप्ति दीप्ति के बड़े भाई सुमित शर्मा क्रिकेट खेला करते थे और हर दिन स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस के लिए जाते थे। उन्हें देखकर दीप्ति की भी क्रिकेट में रुचि बढ़ी। शुरुआत में वह घर पर ही भाई से ट्रेनिंग लेने लगीं। इसके बाद जब भाई स्टेडियम जाते, तो दीप्ति भी जिद करके उनके साथ जाने लगीं। हालांकि, स्टेडियम में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिलता था। ऐसे में वह किनारे बैठकर घंटों नेट प्रैक्टिस देखती रहती थीं। जब बॉल सीधे स्टंप पर जा लगी एक दिन दीप्ति अपने भाई के साथ आगरा की एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी पहुंचीं। वह किनारे बैठकर बाकी खिलाड़ियों को नेट प्रैक्टिस करते हुए देख रही थीं। तभी एक शॉट लगने के बाद गेंद दीप्ति के पास आकर गिरी। दीप्ति ने गेंद उठाई और करीब 50 मीटर दूर खड़े स्टंप की तरफ फेंकी। गेंद सीधे स्टंप पर लगी और गिल्ली उड़ गई। दूर खड़ी सिलेक्टर हेमलता काला ने यह पूरा नजारा देख लिया। काला समझ गईं कि इस लड़की में क्रिकेट की खास प्रतिभा है और इसे भारतीय टीम तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने दीप्ति का नाम रिकमेंड किया। हेमलता काला खुद भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। दीप्ति को यूपी पुलिस में डीएसपी पद मिला था 2 साल पहले दीप्ति को यूपी पुलिस में डीएसपी पद मिला था। एशियन कप में शानदार जीत पर योगी सरकार ने तीन करोड़ की धनराशि भी दी थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीप्ति को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान दिया था। दीप्ति ने चीन में हुए एशियन गेम्स में महिला क्रिकेटर स्पर्धा में भारत को गोल्ड मेडल दिलवाया था। 2023 में बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी इंडियन वूमेन क्रिकेट टीम के साथ रजत पदक जीता था। —————————– यह खबर भी पढ़ें- काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO का तबादला:नेहा शर्मा चिकित्सा शिक्षा से हटाया, यूपी में 14 IAS और 34 PCS का आधी रात ट्रांसफर यूपी सरकार ने रविवार आधी रात 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले कर दिए। सहारनपुर, लखीमपुर खीरी और अंबेडकरनगर के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को बदला गया है। बिरहा लोकगीत गाने वाले विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम यादव को राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *