लखनऊ में गैस बिल जमा करने के नाम पर ठगी: जालसाजों ने व्यक्ति के खाते से 4.31 लाख रुपये उड़ाए, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ – सरोजनीनगर में ग्रीन गैस पाइपलाइन का बिल जमा करने के नाम पर एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हुई है। जालसाजों ने पीड़ित के खाते से 4.31 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित हरिप्रसाद यादव ने सरोजनीनगर थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।हरिप्रसाद यादव को 21 सितंबर की सुबह एक मोबाइल नंबर (8287636684) से मैसेज मिला। इसमें ग्रीन गैस बिल बकाया होने और भुगतान न करने पर गैस लाइन बंद होने की बात कही गई थी। मैसेज में दिए नंबर पर संपर्क करने पर संदीप मिश्रा नाम के व्यक्ति ने बात की।दोपहर में दूसरे नंबर (9101504684) से फोन आया और जालसाज ने डेबिट कार्ड से भुगतान करने को कहा। पहले 13 रुपये जमा करने को कहा गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ।इसके बाद चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 1.99 लाख, 1.34 लाख, 68,823 और 30,125.32 रुपये कट गए। कुल 4,31,948.32 रुपये खाते से निकल गए। जानकारी होने पर हरिप्रसाद ने बैंक को सूचना देकर खाता बंद कराया। पुलिस ने मोबाइल नंबरों के आधार पर जालसाजों की तलाश शुरू कर दी है।
