लखनऊ, संवाददाता। तेलीबाग स्थित रामटोला में शुक्रवार रात राशन लेने निकले युवक प्रदीप रावत को बाइक सवार दो युवक ने रास्ते में रोककर पीटा। पीड़ित प्रदीप का आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने उसकी जेब से आठ सौ रुपए लूट लिए। इसके बाद बाइक से पेट्रोल का पाइप निकालकर उस पर डाल दिया और आग लगाने का प्रयास किया। युवक की चीख पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने बीच बचाव कर उसे बचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीजीआई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। तेलीबाग रामटोला के प्रदीप रावत (23) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार रात पैदल राशन लेने जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोककर रुपए मांगे। विरोध पर दोनों ने गालियां देते हुए मारा पीटा। आरोपियों ने आठ सौ रुपए लूट लिए।आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने बाइक से पेट्रोल निकाला। उस पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगाने की कोशिश की। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने उसे बचाया। मारपीट में चोटिल प्रदीप ने रविवार शाम पीजीआई थाने में तहरीर दी। उधर, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले की जांच चल रही है। पेट्रोल डालकर जलाने के प्रयास का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।
