यूपी में अर्नब तूफान का असर शुरू, लखनऊ में बारिश:3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-ओले भी गिरेंगे, ठंड बढ़ेगी

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर यूपी में भी दिखने लगा है। बुधवार दोपहर लखनऊ और आसपास के जिलों में अचानक मौसम बदल गया। लखनऊ में बादल छा गए और बारिश हुई। रायबरेली में भी हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज सोनभद्र, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर समेत 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी 21 जिलों में भारी बारिश, ओले और 38 जिलों में आंधी, बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अर्नब तूफान के असर से तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। IIT कानपुर के अर्थ साइंसेज विभाग के प्रोफेसर जावेद एन. मलिक ने दैनिक भास्कर को बताया कि यूपी में बारिश, तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। अर्नब के असर को देखते हुए प्रदेश के राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने प्रदेश के सभी जिलों के अफसरों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। पहले 2 तस्वीरें देखिए आज इन जिलों में होगी बारिश अब पढ़िए कल किन जिलों में बारिश होगी IMD और कृषि विभाग ने किसानों के लिए गाइडलाइन जारी की फसल की तुरंत कटाई और सुरक्षित भंडारण: अगर आपकी धान या मक्के की फसल 80 से 85% तक पक चुकी है, तो 28 अक्टूबर से पहले उसकी कटाई कर लें। काटी गई फसल को खुले खेतों या खलिहानों में न छोड़ें। उसे किसी पक्के शेड या ऊंचे स्थान पर रखकर मजबूत तिरपाल से अच्छी तरह ढंक दें। खेतों से पानी निकालने का इंतजाम: सब्जियों, बागवानी और धान के खेतों में पानी जमा नहीं होने दें। इसके लिए खेतों के कोनों पर नालियां पहले से तैयार कर लें। अगले 3-4 दिन खेत में किसी भी तरह की खाद, कीटनाशक का छिड़काव न करें और न ही सिंचाई करें। बीमा: अगर तूफानी बारिश से फसल का नुकसान होता है, तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करने वाले किसान 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत जरूर दर्ज कराएं। जिससे समय पर मुआवजा मिल सके। अब जानिए अर्नब तूफान की वजह से यूपी में क्या नुकसान हो सकता है अर्नब तूफान की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान फसलों को होगा। यह अक्टूबर का आखिरी हफ्ता है। इस समय धान की फसल पक चुकी है और काटी जा रही है। इसके साथ ही गेहूं, आलू, सरसों की बुवाई की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में बेमौसम बारिश और तेज हवाएं किसानों की मेहनत पर पानी फेर सकती हैं। धान को सबसे ज्यादा नुकसान: BHU के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह और तकनीकी अधिकारी, मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह ने बताया- धान की फसल इस समय पूरी तरह पककर तैयार है या कटकर खेतों में पड़ी है। तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) से धान के पौधे खेतों में बिछ जाएंगे। अगर कटे हुए धान पानी में डूब गए, तो दाने काले पड़ जाएंगे और सड़ने लगेंगे। सब्जियां और बागवानी: गोभी, टमाटर, मिर्च जैसी हरी सब्जियों की नर्सरी और खेतों में जलभराव होने से पौधे गल जाएंगे। इसके अलावा, तेज हवाओं से केले और पपीते के पेड़ों के टूटने या गिरने का सबसे ज्यादा खतरा रहता है। आलू, सरसों की बुवाई में देरी: जो किसान इन दिनों गेहूं, सरसों या अगेती आलू की बुवाई करने वाले थे, खेतों में पानी भरने के कारण वे कम से कम 10 से 15 दिनों तक बुवाई नहीं कर पाएंगे। इससे रबी का पूरा सीजन लेट हो सकता है। ग्राफिक्स में देखिए पिछले 24 घंटे में कौन सा शहर गर्म और ठंडा रहा —————————– यह खबर भी पढ़ें… तूफान अर्नब से आंध्रप्रदेश में तबाही, 3 की मौत, 57 हजार लोग शिफ्ट, 50 ट्रेनें-21 फ्लाइट रद्द बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ मंगलवार देर रात 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। यहां 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। पूरी खबर पढ़िए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *