एसडीएम के रोक आदेश को दरकिनार कर सरकारी चकमार्ग पर बनाई दीवार

– असलहों के बल पर महिला को धमकाने का आरोप

बांदा। बिसण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम डभनी में सरकारी चकमार्ग पर अवैध कब्जे और जबरन दीवार निर्माण का मामला सामने आया है। गांव की निवासी ननकी पत्नी मुन्ना ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उपजिलाधिकारी अतर्रा के निर्माण कार्य रोकने के आदेश के बावजूद दबंगों ने रात के अंधेरे में सरकारी चकमार्ग पर दीवार खड़ी कर दी। विरोध करने पर असलहों के बल पर जान से मारने और घर में आग लगाने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने पूरे मामले की राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम से जांच कराकर अवैध कब्जा हटवाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में ननकी ने बताया कि गांव के सरकारी चकमार्ग पर मोतीलाल यादव निवासी ग्राम ढकनी द्वारा अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में उसने 24 अक्टूबर 2026 को थाना बिसंडा में आयोजित थाना दिवस पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी अतर्रा ने संबंधित स्थान पर निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। आरोप है कि प्रशासनिक आदेश के बावजूद 24 अक्टूबर की रात को दीवार का निर्माण करा दिया गया।पीड़िता के मुताबिक, देवशरण पुत्र मोतीलाल यादव निवासी ग्राम डभनी अपने दामाद सुरेश पुत्र देवराज यादव निवासी ग्राम शाहपुर, थाना बदौसा तथा करीब नौ अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग असलहों और बंदूकों से लैस थे और उनकी मौजूदगी में सरकारी चकमार्ग पर जबरन दीवार का निर्माण कराया गया।ननकी ने आरोप लगाया कि रात करीब एक बजे जब वह घर का दरवाजा खोलकर शौच के लिए बाहर निकली तो मौके पर मौजूद लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए दरवाजा बंद करने को कहा और बाहर निकलने पर गोली मारने की धमकी दी। भयभीत होकर महिला अपनी जान बचाने के लिए घर के अंदर चली गई। घटना के समय उसका पति मुन्ना पड़ोस की महिला शालू को प्रसव पीड़ा होने के कारण सरकारी अस्पताल बिसंडा लेकर गया हुआ था। घर पर वह अकेली थी।पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसे लगातार घर में आग लगाने की धमकी दी जा रही है। इससे वह और उसका परिवार दहशत में है तथा किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से सरकारी चकमार्ग की राजस्व अभिलेखों के आधार पर तत्काल पैमाइश कराने, अवैध निर्माण की जांच कराकर कब्जा हटवाने तथा एसडीएम अतर्रा के आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से स्थलीय निरीक्षण कराने, धमकी देने के आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *