रायबरेली- डा0 अम्बेडकर राष्ट्रीय एकता मंच के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी राम किशन पासी ने जनपद के सांसद एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के रायबरेली आगमन पर मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भेंट कर जनपद रायबरेली की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। श्री गांधी ने मांग-पत्र के उल्लिखित शिकायतों के निदान किए जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। श्री पासी ने दिये गये मांग-पत्र के माध्यम से कहा कि जनपदवासियों का यह गौरव है कि आप रायबरेली संसदीय क्षेत्र का नेतृत्व कर रहे है। शहर रायबरेली में ऐसा कोई भी मार्ग नहीं है, जहाँ सड़के, क्षतिग्रस्त न हों, इन्ही क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण प्रतिदिन अनेकोंनेक अप्रिय घटनायें घटित होती है, किन्तु खेद है कि जिला प्रशासन रायबरेली इन खराब सड़कों की मरम्मत के बाबत कोई भी ध्यान नहीं देता। तत्कालीन सांसद श्रीमती सोनिया गांधी ने जहानाबाद चौकी से मण्डी समिति रायबरेली को जोड़ने के लिए उपरिगामी सेतु का निर्माण कराया था, किन्तु कई बार उक्त उपरिगामी सेतु जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो चुका है, जो कि वर्तमान समय में इसी क्षतिग्रस्त अवस्था में है, जिस कारण नागरिकों को असुविधाओं से रू-ब-रू होना पड़ता है। शहर रायबरेली की सबसे मुख्य समस्या जाम की है, वर्तमान समय त्रिपुला से जहानाबाद चौकी एवं बस स्टेशन से डिग्री कालेज चौराहे तक की सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य कराया जाना है, जिसमें त्रिपुला से लेकर अहियारायपुर तक सड़क का चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण का कार्य भी हुआ है, किन्तु सड़क के चौड़ीकरण हो जाने एवं इण्टरलाकिंग लग जाने के बाद पुनः अतिक्रमणकारियों द्वारा मार्ग को अतिक्रमित कर कब्जा कर लिया गया है, जिससे योजना का लाभ आम जनमानस को नहीं मिलता है, फलस्वरूप पुनः जाम की स्थिति बनी हुई है। इसी क्रम में बस स्टेशन से लेकर डिग्री कालेज तक भयंकर जाम लगता है, उल्लेखनीय है कि इसी मार्ग में दीवानी कचेहरी के गेट नं0-1, राजकीय इण्टर कालेज, राणा बेनी माधव जिला चिकित्सालय सहित तमाम विद्यालय एवं कोचिंग हैं, जिनमें जाम के कारण वादकारी समय से न्यायालय नहीं पहुँच आते है, छात्र/छात्रायें एवं बीमार मरीज उचित इलाज हेतु अपने गन्तव्य को समय से नहीं पहुँच पाता है, इस ओर ध्यानाकर्षण कराना अत्यन्त महत्वपूर्ण है। निःशुल्क शिक्षा का अधिकारी (आर.टी.ई.) कानून-2009 की धारा-12(1)/ग जो कि कांग्रेस पार्टी की सरकार के कार्यकाल में गरीब बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को दृष्टिगत रखने के क्रम में उचित एवं समुचित मुफ्त शिक्षा दिलाये जाने हेतु बनाया गया था, जो कि कांग्रेस पार्टी की अति महत्वपूर्णकारी योजना में शुमार था। आदरणीय, किन्तु खेद है कि आज लगभग 15 वर्ष व्यतीत हो जाने के बाद भी विद्यालयों में भी प्रवेश पाना अत्यन्त कठिन विषय है। उल्लेखनीय है कि इस कानून के तहत गरीब बच्चों के प्रवेश में 25ः सीटें आरक्षित थीं, किन्तु विद्यालयों की मनमानी व सरकार की उदासीनता के कारण 25ः सीटें नहीं भर पाती हैं। यहाँ यह भी निवेदन करना महत्वपूर्ण है कि अभी तक मात्र कक्षा-1 से कक्षा-8 तक की शिक्षा का प्राविधान इस कानून के तहत है, जिसे बढ़ाकर कक्षा-12 तक किया जाना जनहित में नितान्त न्यायोचित एवं आवश्यक है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वित्त विकास निगम द्वारा देश भर में गरीब परिवारों को स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था है। इस बाबत मंच अनुरोध करता है कि जहाँ बड़े-बड़े उद्योगपतियों के अरबों-खरबों रूपये के कर्ज माफ किये जा रहे हैं, वहीं दो वक्त की रोजी-रोटी के लिए दिनभर मेहनत करने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति के गरीब परिवारों द्वारा लिये गये ऋण भी माफ कराये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की कृपा करें। जनपद में उच्च शिक्षा हेतु फीरोज़ गाँधी डिग्री कालेज स्थापित है। तकनीकी शिक्षा हेतु फिरोज गाँधी पालीटेक्निक है, कांग्रेस पार्टी की सरकार के दौरान फिरोज गांधी पालीटेक्निक के कैम्पस में फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग कालेज की स्थापना की गई थी, किन्तु सरकार की उदासीनता के चलते इंजीनियरिंग कालेज आज बन्द होने की स्थिति में है। कृपया इस ओर अपना मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इंजीनियरिंग कालेज के उत्थान हेतु उचित निर्णय लेने की कृपा करें, जिससे जनपद के नौजवानों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु दूरस्थ न जाना पड़े। महोदय कांग्रेस पार्टी ने सदैव नफरत को मिटाने की सोच रखी है, आम जनमानस का हित पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। जनपद रायबरेली की पहचान सिर्फ और सिर्फ गांधी परिवार से है, इसलिए कांग्रेस पार्टी का रायबरेली से आत्मिक रिश्ता है। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से अमर यादव, हरिकरन पासी, रामेन्द्र कुमार, राजेश कुमार, श्याम प्रसाद शर्मा, राजेश गुप्ता, सन्तसेवक यादव, गंगादीन यादव, रामकेश निर्मल सहित तमाम लोग रहे।
