बरेली बवाल के बाद मौलाना तौकीर रजा और उसके करीबियों पर बुलडोजर एक्शन जारी है। बरेली विकास प्राधिकरण की टीम ने डॉ नफीस के मैरिज हॉल पर बुलडोजर चलाया। 3 घंटे की कार्रवाई में मंडप (मोंटी), बाउंड्री वॉल, 9 कमरे और हॉल का अधिकतर हिस्सा गिराया गया। अंधेरा होने के कारण शाम 7 बजे बुलडोजर कार्रवाई बंद कर दी गई। बरेली विकास प्राधिकरण की टीम रविवार को बचे हुए हिस्से को गिराएगी। केवल हाल का कुछ हिस्सा ही बचा है। डॉ नफीस तौकीर रजा की पार्टी इत्तेहाद मिल्लत काउंसिल (IMC) का राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता है। पुलिस नफीस को उसके बेटे के साथ गिरफ्तार करके पहले ही जेल भेज चुकी है। नफीस ने लोगों को प्रोटेस्ट के लिए बुलाया था। इसके अलावा इंस्पेक्टर को हाथ काटने की धमकी दी थी। पहले देखिए 3 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरी खबर पीएसी और RAF और 5 थानों की फोर्स के साथ बरेली विकास प्राधिकरण की टीम दोपहर 3 बजे पहुंची थी। 3 बुलडोजर से शाम 4 बजे भवन तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। शाम 7 बजे तक की कार्रवाई में मैरिज हॉल का 70 फीसदी हिस्सा गिरा दिया गया। ये कार्रवाई किला के जखीरा क्षेत्र में रजा पैलेस पर की जा रही है। वहीं, बवाल के समय तौकीर रजा जिस घर में छिपे थे। उस घर को भी सील कर दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, डॉ. नफीस का बारात घर एक हजार वर्ग गज (10 हजार स्क्वायर फीट) में बना है। यहां जमीन की अनुमानित कीमत 50 हजार/प्रति वर्ग गज है। इसमें 10 कमरे बने हैं। इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा- जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, वहां बुलडोजर चलेगा। हिंसा फैलाने वालों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा। तौकीर जहां छिपा था, वो घर सील
बरेली बवाल के बाद तौकीर रजा आईएमसी नेता फरहत के घर पर छिपे थे। उनके घर को सील कर दिया गया है। दरअसल, फरहत ने तौकीर की वीडियो बनाकर वायरल की थी। पुलिस तौकीर के साथ ही फरहत को भी गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। बारादरी के फाइक एंक्लेव कॉलोनी में फरहत का आलीशान घर है। कल उसके घर पर भी बुलडोजर कार्रवाई हो सकती है। इसके अलावा तौकीर का खास और हिंसा का आरोपी नदीम खान की 4 दुकानों को सील कर दिया गया है। नौमहला मस्जिद के पास ये 4 दुकानें है। 200 दुकानों को ढहा चुके
इससे पहले शनिवार सुबह नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण की टीम सैलानी मार्केट पहुंची। यहां करीब 200 दुकानों को गिराकर अवैध अतिक्रमण हटाया। मार्केट में टीन शेड और अस्थायी ढांचों के ज़रिए लंबे समय से कब्जा किया गया था। कार्रवाई से व्यापारी गुस्सा हो गए, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल के चलते कोई विरोध नहीं हो सका। बरेली विकास प्राधिकरण के वीसी मणिकंदन ए ने कहा-रजा पैलेस को 2024 में नोटिस जारी किया गया था। अब बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है। बरेली हिंसा से ध्वस्तीकरण का कोई कनेक्शन नहीं है। ये केवल एक संयोग है। ये हमारा रूटीन का काम है। 2 दिन पहले हुई थी डॉ. नफीस की गिरफ्तारी
बरेली बवाल को लेकर पुलिस ने बुधवार को इत्तेहाद मिल्लत काउंसिल (IMC) के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता डॉ. नफीस को गिरफ्तार किया था। उनके बेटे फरहान रज़ा खान को भी कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया था। यह दोनों ही मौलाना तौकीर रजा के करीबी माने जाते हैं। इसके साथ ही कुल गिरफ्तार उपद्रवियों की संख्या बढ़कर 81 हो गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया था कि हिंसा वाले दिन साजिश के तहत मस्जिदों में नमाज का समय बदल दिया गया। आमतौर पर जुमे की नमाज अलग-अलग मस्जिदों में 12.30 से 3.30 के बीच होती है। उस दिन एक बजे नमाज पढ़वाई गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग नौमहला मस्जिद और फिर इस्लामिया ग्राउंड की ओर कूच करने लगे। पढ़िए गिरफ्तारी की वजह
एसएसपी ने बताया कि CCTV और आई-ट्रिपल-सी कंट्रोल रूम से मिले वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया कि शुक्रवार सुबह एक वीडियो अपील वायरल की गई थी। इसी अपील के बाद नमाज का वक्त बदलने की सूचना अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप्स पर फैलाई गई। पूछताछ में पता चला है कि डॉ. नफीस के बेटे फरहान ने IMC के आधिकारिक फेसबुक पेज को ऑपरेट किया। वहीं से यह अपील अपलोड की गई। बाद में प्रशासन को गुमराह करने के लिए उसका स्क्रीनशॉट शेयर किया गया और थोड़ी देर बाद पोस्ट डिलीट कर दी गई। कोतवाली पुलिस ने डॉ. नफीस और उनके बेटे फरहान को गिरफ्तार किया। बारादरी पुलिस ने शान, मोहम्मद नदीम, रिजवान और अमान को दबोचा। एसएसपी के मुताबिक, बुधवार की सुबह दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान भी पकड़ा गया। बरेली में बवाल कैसे हुआ… 26 सितंबर की दोपहर 2 बजे सबसे पहले आला हजरत मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी गई। इसके बाद नौमहला मस्जिद में नमाज शुरू हुई, जो 3 बजे तक चली। कुछ लोग नमाज पढ़ने के बाद घर चले गए। लेकिन, कुछ शरारती लोग जैसे ही नमाज खत्म हुई, हाथों में ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लेकर बाहर निकले। भीड़ नारेबाजी करते हुए इस्लामिया ग्राउंड की ओर जाने की कोशिश की। पुलिस ने रोका तो पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिसवालों ने लाठीचार्ज कर दिया। इस्लामिया ग्राउंड के पास में ही आला हजरत मस्जिद और नौमहला मस्जिद है। आला हजरत मस्जिद की दूरी महज 200 मीटर है। जबकि नौमहला मस्जिद करीब 500 मीटर की दूरी पर है। इसी वजह से भीड़ इकट्ठी होती चली गई। आला हजरत मस्जिद से शुरू हुआ विवाद नौमहला मस्जिद तक पहुंचा। भीड़ हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रही थी
इसके बाद बारादरी थाना क्षेत्र के श्यामगंज मार्केट में भी भीड़ हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी करती हुई पुलिस पर पथराव करने लगी। बाजार में पथराव से भगदड़ मच गई। इसके बाद मौके पर मौजूद SSP अनुराग आर्य ने बवालियों पर लाठीचार्ज करने का आदेश किया। फिर पूरा बाजार बंद हो गया। इसके बाद कोतवाली के सामने नॉवेल्टी चौराहे पर भी पोस्टर लेकर लोग पहुंचे और पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसी बीच महादेव सेतु और जिला अस्पताल रोड से सैकड़ों की संख्या में लोग हाथों में पत्थर लेकर आए और पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने पत्थरबाजों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस छोड़ी। इसके बाद लोग दुकानों और घरों से छिप-छिपकर पुलिस पर पथराव करने लगे। पुलिस के लाठीचार्ज के दौरान पूरी सड़क चप्पलों और ईंट-पत्थरों से बिछ गई। तौकीर रजा ने पुलिस-प्रशासन को दी थी चुनौती
इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती दी थी कि धरना-प्रदर्शन हर कीमत पर होकर रहेगा। इसके बाद 26 सितंबर की सुबह तौकीर रजा ने अपना एक वीडियो भी जारी किया। जिसमें उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने अगर हमारे लोगों को रोकने का प्रयास किया, तो उसके बाद जो कुछ भी होगा उसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। जिस तरह से सड़क ईंट-पत्थरों से बिछी थी, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह बवाल एक सोची-समझी साजिश थी। इसकी स्क्रिप्ट पहले से तैयार थी। उसे तौकीर रजा ने तैयार किया था। —————————- ये भी पढ़ें: सपा सांसद पुलिस को चकमा देकर बरेली पहुंचे:बोले- तौकीर रजा भाजपा एजेंट; संभल में बर्क के सामने खड़े हो गए इंस्पेक्टर बरेली में बवाल के 8 दिन बाद पीड़ितों से मिलने जा रहे सपा के 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को जाने नहीं दिया गया। हालांकि, आंवला से सांसद नीरज मौर्य पुलिस को चकमा देकर सर्किट हाउस पहुंच गए। इसका पता चलते ही पुलिसवाले पहुंच गए और उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा- तौकीर रजा भाजपा के एजेंट की तरह काम करते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
