कानपुर में कीचड़ में दबाकर छोटे भाई को मार डाला:शव का मुंह धोया, चादर ओढ़ाकर चारपाई पर लिटाया, खुद भी बगल में लेटा

कानपुर के एक गांव में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। वह शराब के नशे में था। पहले पिता से झगड़ा किया। फिर पत्नी को पीटा। छोटा भाई बीच-बचाव करने आया। दोनों में कहासुनी हुई। गली में ले जाकर भाई को कीचड़ में दबा दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव का मुंह धोकर चारपाई में चादर ओढ़ाकर लिटा दिया। खुद पास में जाकर लेट गया। गांववालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पूरा मामला बिठूर थाना क्षेत्र के पारा प्रतापपुर गांव में रविवार देर रात का है। सबसे पहले देखिए घटनास्थल की दो फोटो नशे में धुत होकर पहुंचा था घर
गांव निवासी कुंदन कमल मजदूरी करता है। रविवार देर रात वह नशे की हालत में घर लौटा। इस दौरान उसके 65 वर्षीय पिता रामशंकर कमल उर्फ हीरो घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रहे थे। नशे में धुत कुंदन वहां पहुंचा और पिता से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पिता के साथ मारपीट भी की। पिटाई से घबराकर पिता वहां से भागकर अपने छोटे भाई रामसजीवन के घर में जाकर छिप गए। पत्नी से मारपीट के बाद छोटे भाई विराट पर टूट पड़ा
इसके बाद कुंदन घर पहुंचा और पत्नी सीता के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी डंडे से पिटाई करने लगा। तभी घर में सो रहा छोटा भाई विराट उर्फ चिर्री जाग गया और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान कुंदन और विराट के बीच कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गई।
कुछ देर तक दोनों के बीच झगड़ा होता रहा, जिसके बाद कुंदन विराट को घसीटते हुए घर के बाहर ले गया और कीचड़ में गिराकर उसका सिर दबा दिया। दो-तीन मिनट तक सिर कीचड़ में दबे रहने से विराट की दम घुटने से मौत हो गई। शव का चेहरा धोया, चादर ओढ़ाकर चारपाई पर लिटाया
हत्या के बाद कुंदन ने विराट के शव का चेहरा धोया और उसे चारपाई पर लिटाकर चादर ओढ़ा दी। इसके बाद वह खुद भी पास में जाकर लेट गया, मानो कुछ हुआ ही न हो। पड़ोस में रहने वाले बुआ के लड़के गोविंद ने यह देखा तो चाचा रामसजीवन को सूचना दी। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल किया। रात करीब डेढ़ बजे पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या की सूचना मिलते ही बिनौर निवासी बहन करिश्मा मौके पर पहुंची और भाई की लाश देखकर फूट-फूट कर रोने लगी। परिवार में मातम का माहौल है। अपर पुलिस उपायुक्त बोले- ट्रैक्टरों के कारण बना था कीचड़
अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कपिल देव सिंह ने बताया कि पारा प्रतापपुर गांव में दो सगे भाइयों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी कुंदन शराब के नशे में था। उसने पहले अपने पिता और फिर पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद छोटे भाई विराट से झगड़ा हुआ।
घर के सामने कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टरों की आवाजाही के कारण गहरा कीचड़ जमा हो गया था। झगड़े के दौरान कुंदन ने विराट को धक्का देकर कीचड़ में गिरा दिया और सिर दबाकर तब तक रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी इस घटनाक्रम की पुष्टि की है। फिलहाल घटना में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ————- ये खबर भी पढ़िए प्रेमानंदजी बोले- हर जन्म में मेरी किडनी खराब हो, VIDEO:धीरेंद्र शास्त्री को गले लगाकर भावुक हुए, कहा- अब मिलन हो न हो… बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री मंगलवार को मथुरा पहुंचे। उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। दो संतों के बीच का यह मिलन काफी भावुक था। धीरेंद्र शास्त्री ने प्रेमानंद जी को दो बार दंडवत होकर प्रणाम किया। प्रेमानंद महाराज उनकी बातों पर खिलखिलाकर हंसे। जाते वक्त महाराज ने बाबा बागेश्वर से कहा- जीवन रहे न रहे। आओ गले मिल लें। सीने से लग जाओ। VIDEO में देखिए पूरी बातचीत…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *