शादी में जा रहा युवक संदिग्ध हालात में मिला मृत,सीने में गोली लगने की आशंका

ब्यूरो चीफ: विपिन द्विवेदी

अयोध्या/सुल्तानपुर। कुमारगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर भुलाई तिवारी गांव में मंगलवार को सनसनी फैल गई,जब चक मार्ग पर एक युवक का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में युवक के सीने पर गहरे घाव के निशान मिले हैं, जिससे गोली मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।पहले शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मर्चरी में रखवाकर तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरें देखने के बाद सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के शिला पाण्डेय का पुरवा दक्खिन गांव निवासी रामचरित्र पाण्डेय मर्चरी पहुंचे और शव की पहचान 18 वर्षीय पुत्र सौरभ पाण्डेय उर्फ कप्तान के रूप में की।परिजनों के अनुसार सौरभ सोमवार शाम घर से एक शादी समारोह में शामिल होने निकला था, लेकिन देर रात तक लौटकर नहीं आया। चिंता होने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे, तभी सुबह घटना की जानकारी मिली।कुमारगंज थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गोली लगने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या कहीं बाहर कर शव यहां फेंका गया या वारदात इसी स्थान पर हुई।पुलिस टीम आसपास के गांवों और रास्तों पर लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी है। मामले में जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *