रायबरेली- जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित एफसीआई गोदाम में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रक चालक की लापरवाही से एफसीआई कर्मचारी ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उसकी मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दिनांक 30 जनवरी 2026, दिन शुक्रवार, समय लगभग सुबह 10:30 बजे की है। मृतक की पहचान राकेश कुमार निषाद (पुत्र दयाराम निषाद) के रूप में हुई है, जो त्रिलोकपुर, कप्तानगंज, जिला बस्ती का निवासी था और रायबरेली स्थित एफसीआई गोदाम में कर्मचारी के पद पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह गणेश राइस मिल का एक ट्रक एफसीआई गोदाम में पहुंचा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने लापरवाही बरतते हुए राकेश कुमार निषाद को कुचल दिया। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे रायबरेली के सिमहंस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
राकेश कुमार निषाद को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 30 जनवरी की देर रात लगभग 10:30 बजे उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पुलिस को लिखित रूप में दे दी गई है। इस संबंध में मिल एरिया थाना अध्यक्ष विंध्य विनय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद एफसीआई कर्मचारियों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
रायबरेली: एफसीआई सुपरवाइजर को ट्रक ने कुचला, मौत

