यूपी के 60 जिलों में आज लू का रेड अलर्ट:कानपुर में गर्मी ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ा; कल से बारिश के आसार

यूपी में पिछले 10 दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में प्रयागराज देश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 45.2°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा, काशी, हमीरपुर और आगरा का पारा भी 44 डिग्री के पार चला गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी शनिवार को 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचे। दिन में पारा 45-46°C तक पहुंच सकता है। 21 जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट है, यानी रातें भी गर्म रहेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि कल यानी रविवार से मौसम में बदलाव होगा। 26 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आंधी-तूफान के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। कानपुर में गर्मी ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7°C डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले, 2008 में अप्रैल में तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंचा था। गर्मी का असर जानवरों पर भी पड़ रहा है। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी अपनी सूंड से खुद पर पानी डालता नजर आया। लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ की सिल्लियां, कूलर और स्प्रिंकलर (फव्वारे) के इंतजाम किए गए हैं। कानपुर में बाघ को ORS का घोल दिया जा रहा है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- 26 अप्रैल से नया विक्षोभ सक्रिय होगा। पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। आंधी-तूफान की भी संभावना है। बारिश हुई तो पारे में 2–3°C की गिरावट आ सकती है। 30 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम की तस्वीरें… मौसम के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *