यूपी में लगातार दूसरे दिन भी मौसम बदला हुआ है। भीषण गर्मी और लू के बीच आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। बीच-बीच में हल्की धूप निकल रही है। गुरुवार तड़के कानपुर, आगरा, मथुरा, गोंडा, उन्नाव और भदोही में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। लखनऊ में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज गुरुवार को यूपी के 68 जिलों में बारिश का अलर्ट है। बिजली गिर सकती है। आंधी चलने की भी संभावना है। अगले 5 दिन मौसम बिगड़ा ही रहेगा। इससे पहले, बुधवार को प्रयागराज-वाराणसी समेत 30 से ज्यादा जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, अमेठी, रायबरेली, जौनपुर समेत 10 जिलों में जमकर ओले गिरे। वाराणसी में हवा की रफ्तार 100 किमी, जबकि अयोध्या में 87 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। आंधी-बारिश से प्रदेश में जगह-जगह पेड़, बिजली के खंभे उखड़ गए। कई कच्चे मकान ढह गए। इससे 13 लोगों की मौत हो गई। सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा 7 मौतें हुईं। 21 लोग घायल हो गए। अयोध्या- अमेठी में 2-2, प्रयागराज और गाजीपुर में 1-1 की जान गई। बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो गोरखपुर में 19.2 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी और वाराणसी में 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अमेठी और आजमगढ़ में 5 मिमी बारिश हुई। बांदा अब भी सबसे गर्म शहर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 45.8°C रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से पूरे प्रदेश में माैसम बदल गया है। बारिश का सिलसिला मई के पहले हफ्ते में जारी रहेगा। गर्मी से राहत मिलेगी। आंधी-तूफान के हालात बनेंगे। बिजली और ओले भी गिर सकते हैं। मौसम की तस्वीरें देखिए- आज किन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए- अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? आपके शहर में मौसम कैसा है, कितनी दिनों तक बारिश और ओलों का अलर्ट है? जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-
