3 दोस्तों का हत्यारोपी बर्थडे बॉय एनकाउंटर में ढेर:चेहरे पर केक लगाने पर की थी वारदात, बुलंदशहर पुलिस ने 3 गोलियां मारीं

बुलंदशहर में 3 दोस्तों के हत्या के मुख्य आरोपी बर्थडे बॉय जीतू सैनी (30) को पुलिस ने गुरुवार सुबह 5 बजे एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर 50 हजार का इनाम था। मुठभेड़ में जीतू को तीन गोलियां लगीं। पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल, अस्पताल के बाहर भारी फोर्स तैनात है। जीतू बसपा का पूर्व नगर अध्यक्ष भी रह चुका था। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर खुर्जा थाना क्षेत्र में हुई। दरअसल, 25 अप्रैल की रात RJS फिटनेस जिम में जीतू की बर्थडे पार्टी चल रही थी। इस दौरान भाजपा सभासद संजय सैनी के चेचरे भाई अमरदीप ने जीतू के चेहेर पर केक लगा दिया था। इससे वह भड़क गया। आरोपी ने दोस्तों के साथ सभासद के भाई मनीष सैनी (30), भतीजे आकाश (19) और चचेरे भाई अमरदीप (32) पर गोलियां बरसा दीं। तीनों की मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी CCTV का DVR लेकर भाग गए थे। पुलिस ने अब तक इस मामले में जीतू से पहले मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ा था। एसपी बोले- मुठभेड़ में इंस्पेक्टर-हेड कॉन्स्टेबल को गोली लगी
एसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया, ‘आरोपियों की तलाश में हमारी छह टीमें दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी पर जा रहे दो बदमाशों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की, फिर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मो. असलम और हेड कॉन्स्टेबल मोहित मलिक घायल हुए हैं। दोनों को हायर सेंटर में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा, दो सिपाही रामफल और कपिल के बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *