यूपी के अंबेडकरनगर में बेकाबू कार ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंद दिया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 12 बजे पहले दो बाइकों की टक्कर हुई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार आई और लोगों को कुचल दिया। हादसा जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर जलालपुर के अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी जलालपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंबेडकरनगर के रहने वाले कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है। दो की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए- विस्तार से जानिए पूरा मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास देर रात करीब 12 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाने का प्रयास किया। घायलों में लालचंद्र पुत्र फेंकू निवासी पट्टी मुइथन, जलालपुर; उत्तम पुत्र जगतपाल निवासी सेमरा, कटका; कैफी पुत्र हसन निवासी लोरपुर ताजन; राजू पुत्र छेदीलाल निवासी सिकंदरपुर, सम्मनपुर शामिल बताए जा रहे हैं। इसी दौरान सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी दो सगे भाई आदित्य (25) और दिव्यांशु (14) की हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों भाई एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जलालपुर गए थे और वापस लौटते समय यह दुर्घटना हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। हादसे के दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार भी अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए गड्ढे में पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में कटका के सेमरा निवासी उत्तम, सम्मनपुर के जैना निवासी आदित्य (25), इसी गांव के छोटू उर्फ दिव्यांश (14), सिकंदरपुर निवासी राजू गुप्ता (32), पट्टी मोईन निवासी लालचंद्र (24) और सैदापुर निवासी कैफी (32) सहित कुल आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात शवों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। ——————————– ये खबर भी पढ़ेंः- अयोध्या दर्शन करके लौट रहे 6 लोगों की मौत:जालौन में 100 की रफ्तार में ट्रक में घुसी टवेरा; 20 मिनट तक तड़पते रहे जालौन में 100 की रफ्तार में टवेरा हाईवे पर पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हैं। टवेरा सवार अयोध्या से रामलला के दर्शन कर ललितपुर जा रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। वे 20 मिनट तक कार में ही तड़पते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से कार के गेट काटकर घायलों को बाहर निकाला। पढ़ें पूरी खबर…
