यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार सुबह लखनऊ, आगरा समेत 25 से ज्यादा जिलों में बादल छाए रहे। धीरे-धीरे धूप निकल आई। हालांकि, हवा में नमी की वजह से गर्मी से राहत है। ललितपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह 9 बजे बारिश तेज हो गई। संभल में धूलभरी आंधी चली। 50 से ज्यादा पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। आज 63 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 4 दिन से जारी आंधी-बारिश के चलते मौसम में बदल गया है। पारा 8°C लुढ़ककर 40°C तक पहुंच गया है। कहीं भी हीटवेव (लू) नहीं चल रही है। अगले 5 दिन यानी 6 जून तक मौसम ऐसा ही रहेगा। बारिश होती रहेगी। इससे पहले रविवार को बलिया, मुरादाबाद समेत 10 से ज्यादा जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। अमरोहा में ओले भी गिरे। लखनऊ में घर के बाहर नहा रहे 10 साल के बच्चे पर दीवार गिर गई। लखीमपुर खीरी में 7 साल के बच्चे की जान चली गई। रामपुर में टिनशेड उड़कर बाइक सवार युवक पर गिर गया। बस्ती प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 40°C दर्ज किया गया। उरई (जालौन) में पारा 39.8°C, बांदा में 39.2°C, वाराणसी में 39°C, प्रयागराज में 38.6°C और झांसी में 38.3°C दर्ज किया गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं से यूपी में मौसम बदल गया है। 28 मई से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आंधी-बारिश के अनुकूल हालात बने हुए हैं। अगले 5-6 दिन तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में तूफान का खतरा सबसे ज्यादा है। फिलहाल गर्मी और लू से राहत बरकरार रहेगी। यूपी के मौसम की पल-पल अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
