काशी में जोरदार बारिश, अमेठी में मां-बेटी की मौत:यूपी के 43 शहरों में बारिश, 21 में आंधी का अलर्ट; कल से गर्मी फिर लौटेगी

यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार तड़के वाराणसी में जोरदार बारिश हुई। बादल गरजने के साथ बिजली कड़की। करीब आधे घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया। कौशांबी में भी सुबह-सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। अमेठी में मिट्‌टी की दीवार ढहने से मां-बेटी की मौत हो गई। बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच, लखनऊ-कानपुर समेत ज्यादातर जिलों में सुबह से धूप है। हवा में नमी की वजह से गर्मी थोड़ी कम है। आज प्रदेश के 43 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 21 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा। इससे 12 दिन से चले रहे आंधी-बारिश के सिलसिले पर ब्रेक लगेगा। फिर गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। पारा 5°C-6°C उछलकर 45°C पार करेगा। 9 जून से हीटवेव (लू) का नया दौर भी शुरू होगा। इससे पहले, गुरुवार को लखनऊ, मऊ, बिजनौर, आगरा समेत 5 जिलों में तेज हवाएं चलीं। काफी देर तक रुक-रुककर बारिश हुई। बाकी जिलों में तेज धूप की वजह से गर्मी बढ़ गई। वाराणसी प्रदेश में सबसे गर्म रहा। तापमान 42.2°C रिकॉर्ड किया गया। हरदोई (22°C) में रात का तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- आज भी यूपी में आंधी-तूफान और छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। कल से बारिश के सारे सिस्टम खत्म हो जाएंगे। फिर मानसूनी बारिश तक भीषण गर्मी पड़ेगी। लू के हालात भी बनेंगे। पारा 45 डिग्री पार करेगा। अब तक की परिस्थितियों को देखते हुए मानसून के 24 जून तक गोरखपुर के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। आपके शहर में मौसम कैसा है, आंधी-बारिश को लेकर क्या अलर्ट है? अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *