गोरखपुर समेत 10 शहरों में बारिश, सड़कें तालाब बनीं:अस्पताल-घरों में पानी घुसा, कॉम्प्लेक्स की 200 दुकानें डूबीं; 75 शहरों में अलर्ट

यूपी में मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। गोरखपुर में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह 7 बजे तक जोरदार बारिश हुई। 6 घंटे में करीब 110 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। सड़कें तालाब बन गईं। गलियों, कॉलोनियों में पानी भर गया। कार-बाइकें आधी डूब गईं। घरों के अंदर बारिश का पानी घुस गया। जिला अस्पताल के OPD में पानी भर गया। शाहपुर इलाके में राप्ती कॉम्प्लेक्स के पास नाला फूट गया। कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर 200 से ज्यादा दुकानों में पानी भर गया। प्रमुख चौराहों पर 4 फीट तक जलभराव हो गया। कारें पानी में फंसकर बंद हो गईं। सरयू नहर टूटने से कई बीघा खेत जलमग्न हो गए। इसके अलावा, सुबह से बरेली, आगरा, लखीमपुर समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लखनऊ-कानपुर समेत 30 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। शुक्रवार को वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़ समेत 20 शहरों में बारिश हुई। प्रतापगढ़ में SP दफ्तर में पानी भर गया। काशी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से ललिता घाट पर आरती की जगह बदलनी पड़ी। आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। 31 शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि प्रदेश में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। ऐसे में बारिश का सिलसिला अब जारी रहेगा। लोग सतर्क रहें। जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। बारिश की 4 तस्वीरें देखिए- पहाड़ों पर भारी बारिश से प्रदेश की नदियां उफान पर उधर, पहाड़ों पर भारी बारिश से प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज संगम पर गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। अनाउंस कर लोगों को नदी से दूर रहने को कहा जा रहा है। काशी में दशाश्वेध घाट की सीढ़ियां डूब गईं। बलिया और बाराबंकी में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। 87 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से पूर्वी यूपी में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। आज यह पश्चिमी यूपी को भी पूरी तरह से कवर कर लेगा। इसके असर से यूपी में मानसून रफ्तार पकड़ेगा। अगले एक हफ्ते भारी बारिश होगी। यूपी के मौसम के पल-पल अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *