उन्नाव में पत्नी और साले से परेशान युवक ने फंदे पर लटककर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले उसने 4 मिनट का एक वीडियो बनाया। इसमें उसने कहा- “मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी और उसकी बुआ का लड़का है। इन लोगों ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी है।” इतना कहने के बाद युवक ने टिनशेड की रॉड पर नायलॉन की रस्सी बांधी और फंदे पर झूल गया। घटना रविवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई। घटना के वक्त मृतक के माता-पिता घर के गेट के पास बैठे थे। थोड़ी देर बाद जब पिता किसी काम से अंदर आए, तो उन्होंने बेटे को फंदे से लटकता देखा। पास में ही टेबल पर रखे मोबाइल पर उनकी नजर पड़ी, जिसमें रिकॉर्डिंग चल रही थी। उन्होंने तुरंत कैमरा बंद किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मृतक के ससुरालवालों को भी दी गई, लेकिन वहां से कोई नहीं आया। उन लोगों ने अपने फोन बंद कर लिए। पीड़ित पिता का आरोप है कि बहू का उसके फुफेरे भाई से अफेयर चल रहा था। उनकी तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास, साले, साली और फुफेरे साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया। अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए ‘कहती थी- मर जाओगे तो लाश के ऊपर से गुजर जाऊंगी’ मृतक के चाचा संजय राठौर ने बताया कि बहू अक्सर पवन से झगड़ा करती थी और कहती थी, “तुम मर जाओगे तो तुम्हारी लाश के ऊपर से गुजर जाऊंगी।” ससुराल वालों के लगातार उत्पीड़न से तंग आकर ही उसने वीडियो में पत्नी और साले को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि वायरल वीडियो और सबूतों के आधार पर सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देकर जेल भेजा जाए। ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर जान दी वहीं, पिता सुनील ने कोतवाली में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बहू रागिनी का उसके फुफेरे भाई सूरज राठौर के साथ अफेयर चल रहा था। उसका भाई रवि और बहन सोनी भी पवन को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर बेटे ने यह खौफनाक कदम उठाया। मगरवारा चौकी प्रभारी रविशंकर पांडे का कहना है- शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पूरी घटना की हर कड़ी को जोड़कर आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। ————————————– ये खबर भी पढ़ें… नोएडा में बच्चे की गड्ढे में डूबकर मौत, पिता वाइस-प्रिंसिपल ग्रेटर नोएडा में 6 साल के बच्चे आव्यान की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। शनिवार शाम वह घर के बाहर क्रिकेट खेल रहा था। पढ़िए पूरी खबर…
पत्नी से परेशान 28 साल का पति फंदे पर लटका:उन्नाव में मौत से पहले वीडियो बनाया, पिता बोले- बहू का अफेयर चल रहा था
