उतरौला(बलरामपुर)। श्रावण मास की पावन तेरस के अवसर पर सोमवार को नगर के प्राचीन श्री दु:खहरण नाथ मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर करीब चार बजे से ही मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र शिवभक्तों की भीड़ से गुलजार हो गया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।तेरस के अवसर पर शिवभक्तों ने परंपरागत कांवड़ यात्रा में भाग लिया। विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के जत्थे पिपरा घाट और सिंगारजोत घाट पहुंचे। सिंगारजोत घाट से ग्रामसभा मटेरिया-कर्मा क्षेत्र तथा पिपरा घाट स्थित राप्ती नदी से श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरा। इसके बाद कांवड़िये निर्धारित मार्गों से पैदल यात्रा करते हुए श्री दु:खहरण नाथ मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और पूर्ण श्रद्धा के साथ भगवान शिव के शिवलिंग पर राप्ती नदी के पवित्र जल से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।
कांवड़ियों के मंदिर पहुंचने पर मंदिर के महंत मयंक गिरि, उत्तराधिकारी सानू गिरि तथा मुख्य पुजारी अरुण गिरि सहित मंदिर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। यात्रा से लौटे शिवभक्तों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मंदिर व्यवस्था समिति की भूमिका महत्वपूर्ण रही। समिति के सदस्यों ने पूरे मनोयोग से श्रमदान करते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन, दर्शन-पूजन और कांवड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। इसके साथ ही महिला एवं पुरुष पुलिस आरक्षियों ने सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली, जबकि नगर पालिका परिषद उतरौला के सफाई कर्मचारियों ने मंदिर परिसर और आसपास साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
इस अवसर पर मंदिर के महंत मयंक गिरि जी महाराज ने श्रावण मास और तेरस के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष महीना माना जाता है। इस दौरान शिवलिंग पर पवित्र जल अर्पित करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था के साथ-साथ अनुशासन, सेवा, संयम तथा सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है।
महंत ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और अनुशासन से ही ऐसे बड़े धार्मिक आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है।तेरस पर्व के दौरान मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त भगवान दु:खहरण नाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में गूंजते भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।पर्व के शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होने पर महंत मयंक गिरि जी महाराज ने मंदिर समिति, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका कर्मचारियों और सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा जताई।कार्यक्रम में मंदिर समिति के व्यवस्थापक मोनू गुप्ता, आर्यन गुप्ता और अर्पित गुप्ता सहित समिति के सदस्य, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
