यूपी में सरकारी प्राइमरी स्कूल सरयू नदी में समाया:नहर टूटी, फसलें डूबीं; लखनऊ समेत 10 शहरों में बारिश, 75 में अलर्ट

यूपी में मानसून एक बार रफ्तार पकड़ने लगा है। सोमवार को गोरखपुर, बाराबंकी और अयोध्या समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकली। दोपहर होते-होते लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, सहारनपुर और गाजियाबाद समेत 10 शहरों में बारिश हुई। कानपुर में सीवर ओवरफ्लो हो गया। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखीमपुर और बहराइच में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। लोगों को जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से यूपी में नदियां उफान पर हैं। बलिया में सोमवार सुबह 7 बजे सरकारी प्राइमरी स्कूल सरयू नदी में समा गया। सिर्फ 3 सेकंड में पूरा भवन नदी के बहाव में ढह गया। रविवार को इसी स्कूल का आधा हिस्सा नदी में गिर गया था। वहीं, बलिया के ही दोहरीघाट इलाके में नहर का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई। इससे पहले, रविवार को उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की सड़क धंस गई। सूचना मिलते ही NHAI की टीम ने मौके पर पहुंचकर इसे दुरुस्त करा दिया। इसके अलावा, खराब मौसम के कारण काठमांडू जा रही एक इंटरनेशनल फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी रेखा एक बार फिर से यूपी की तरफ बढ़ रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी और मजबूत हो रहा है। इस वजह से पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बढ़िया बारिश के आसार बन रहे हैं। 30 जुलाई तक यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम तो कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने और गिरने की भी आशंका है। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *