श्रावण में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: जनता ढाबा में वेज-नॉनवेज एक ही बर्तनों में बनने का खुलासा
ब्यूरो रिपोर्ट उमेश द्विवेदी
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चर्चित जनता ढाबा पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की छापेमारी में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ढाबे में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक ही बर्तनों में तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर जांच करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्रावण माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन शुद्ध शाकाहारी भोजन की अपेक्षा रखते हैं। ऐसे समय में वेज और नॉनवेज भोजन एक ही बर्तनों में तैयार होने की जानकारी सामने आने से धार्मिक भावनाओं और खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्वच्छ एवं प्रमाणित प्रतिष्ठानों से ही भोजन ग्रहण करें तथा किसी भी प्रकार की खाद्य अनियमितता की सूचना विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


