लो वोल्टेज, जर्जर तार, टूटे पोल व खराब ट्रांसफार्मर बदलने की मांग को लेकर एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
पुरवा, उन्नाव। भारतीय किसान यूनियन (सावित्री गुट) के प्रदेश अध्यक्ष पवन शुक्ला के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता अमित भारद्वाज भी मौजूद रहे।ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। जर्जर बिजली के तार, टूटे हुए पोल तथा खराब ट्रांसफार्मरों के कारण ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कम वोल्टेज के चलते सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जबकि जर्जर तार और टूटे पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष पवन शुक्ला ने एसडीओ से मांग की कि सभी खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए, जर्जर तारों और क्षतिग्रस्त पोलों की मरम्मत कराकर निर्बाध एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (सावित्री गुट) किसानों के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता अमित भारद्वाज सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

