गर्भवती महिला समेत परिवार पर हमला, कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाने का आरोप

तीन नामजद के खिलाफ तहरीर, महिलाओं से मारपीट व जान से मारने की धमकी का मामलाय पुलिस जांच में जुटी

महराजगंज रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे हनुमंत सिंह मजरे ताजुद्दीनपुर गांव में पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गर्भवती महिला समेत परिवार के कई सदस्यों के साथ मारपीट और कुल्हाड़ी लेकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ थाना चंदापुर में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित शिवकुमार पुत्र शियाराम निवासी पूरे हनुमंत सिंह मजरे ताजुद्दीनपुर ने आरोप लगाया है कि गांव के ही रमेश, आशीष और सुशील लंबे समय से उसे और उसके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। तहरीर के अनुसार, 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे उसकी बहन सावित्री, गीता तथा गर्भवती पत्नी अर्चना घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान तीनों आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई, जिसमें सावित्री घायल हो गई।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों में से एक व्यक्ति कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में गर्भवती अर्चना को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से मारने का भी आरोप लगाया गया है। शिवकुमार का कहना है कि जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सका।पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए थाना चंदापुर में लिखित शिकायत दी है।थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *