ओसियां में भव्य रुद्राभिषेक एवं भंडारा सम्पन्न, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

आनन्द दीक्षित

बीघापुर- बीघापुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ओसियां (द्वारिकापुरी) स्थित बाबा श्री विद्देश्वर जी महादेव मंदिर प्रांगण में आज भव्य रुद्राभिषेक यज्ञ पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन ओसियां निवासी समाजसेवी जितेंद्र साहू द्वारा कराया गया।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक से हुई। वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन-पूजन के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ सहभागिता की। यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में तांता लगा रहा। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की गई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।
आयोजक जितेंद्र साहू ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। अंत में सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *