पुरवा समाधान दिवस में 250 शिकायतें, 32 का मौके पर निस्तारण

ब्यूरो रिपोर्ट उमेश द्विवेदी

पुरवा, उन्नाव। तहसील पुरवा में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह की मौजूदगी में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, पैमाइश और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में उपजिलाधिकारी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण उसी श्रेणी में किया जाए, जिसमें वे दर्ज हैं, और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही प्रत्येक शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा।समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 140, विकास की 49 तथा पुलिस, समाज कल्याण, पूर्ति, विद्युत व अन्य विभागों सहित कुल 250 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।इस दौरान जिलाधिकारी ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी भी ली।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह, क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *