12 मिनट में पहुंची पुलिस, आत्महत्या का प्रयास टला

 

ब्यूरो रिपोर्ट उमेश द्विवेदी

उन्नाव। सोशल मीडिया पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट मिलने के बाद उन्नाव पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक 20 वर्षीय युवक की जान बच गई। पुलिस मुख्यालय को 31 जुलाई की रात 12:19 बजे मेटा (Meta) के माध्यम से युवक की इंस्टाग्राम पोस्ट का अलर्ट प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही लोकेशन ट्रेस कर उन्नाव पुलिस को अवगत कराया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर मीडिया सेल ने तत्काल थाना आसीवन पुलिस को मौके पर भेजा। सूचना मिलने के मात्र 12 मिनट के भीतर पुलिस टीम युवक के घर पहुंच गई। वहां युवक के पास एक रस्सी और कीटनाशक की बोतल मिली। वह मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति में था।पुलिस ने तत्काल युवक को सुरक्षित करते हुए परिजनों की मदद से उसकी स्थिति सामान्य कराई। काउंसलिंग के दौरान पता चला कि भाई से रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और आवेश में आकर यह कदम उठाने जा रहा था।पुलिस और परिजनों ने युवक को समझाया, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कोई कदम न उठाने का आश्वासन दिया। युवक के परिजनों ने उन्नाव पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *