संवाददाता।
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस ने मिल एरिया क्षेत्र में ज्वेलरी दुकानों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से करीब 12.80 किलोग्राम चोरी के चांदी के आभूषण, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मिल एरिया थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि सूचना मिली थी कि लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और किसी नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शिवकुमार और बबलू, निवासी पेन्दरई, थाना महोली, सीतापुर, के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमांवा भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि इसी दौरान भाग रहे तीन अन्य बदमाशों का करीब एक किलोमीटर तक पीछा किया गया और उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ छोटे निवासी तेंदुआ, लखीमपुर खीरी, लवकुश निवासी लोनियन का पुरवा, सीतापुर और सागर वर्मा निवासी लालपुर सिकड़िहा, थाना महोली, सीतापुर के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से कुल 12.80 किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें 4.460 किलोग्राम आभूषण अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी से संबंधित हैं, जबकि शेष आभूषण मिल एरिया क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलरी दुकानों में तीन और चार अगस्त की रात हुई चोरी से जुड़े हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सागर वर्मा पेशे से सुनार है और वह चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर गिरोह के सदस्यों के बीच बांटता था। पूछताछ में आरोपियों ने रायबरेली के अलावा अमेठी जिले में भी ज्वेलरी दुकानों में चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके आपराधिक इतिहास और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
