डीएम घनश्याममीना ने पत्नी गुड़िया देवी को सौंपा चेक, ₹5 लाख अतिरिक्त अनुग्रह सहायता का प्रस्ताव भी भेजा गया
ब्यूरो चीफ उमेश द्विवेदी
उन्नाव। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए होमगार्ड स्वयंसेवक हरिशंकर के आश्रित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से प्रशासन ने मंगलवार को ₹30 लाख की बीमा एवं अनुग्रह सहायता राशि का चेक सौंपा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने दिवंगत होमगार्ड की पत्नी श्रीमती गुड़िया देवी को सहायता राशि का चेक प्रदान करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि होमगार्ड स्वयंसेवक हरिशंकर की 14 जनवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके निधन के बाद होमगार्ड विभाग एवं एचडीएफसी बैंक की टाकी नगर शाखा के बीच हुए समझौते के तहत निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने पर आश्रित परिवार को ₹30 लाख की बीमा एवं अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
जिला कमांडेंट होमगार्ड धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि यह सहायता परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है। उन्होंने बताया कि होमगार्ड मुख्यालय से ₹5 लाख की अतिरिक्त अनुग्रह सहायता दिलाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है, जिसके स्वीकृत होने पर परिवार को और राहत मिलेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने दिवंगत होमगार्ड को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शासन एवं प्रशासन संकट की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक टाकी नगर शाखा के शाखा प्रबंधक संदीप शर्मा, एडीसी रमेश वर्मा, पीसीपी गजराज सिंह, कंपनी इंचार्ज दीपक सिंह सहित होमगार्ड विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

