ब्यूरो चीफ उमेश द्विवेदी
उन्नाव। न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस के पास पहुंची एक महिला से कार्रवाई के नाम पर कथित रूप से ‘खर्चा-पानी’ और पेट्रोल के लिए रुपये मांगना बांगरमऊ थाने में तैनात एक सिपाही को भारी पड़ गया। सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बांगरमऊ थाना क्षेत्र की एक महिला ने घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत पुलिस से की थी। आरोप है कि मामले में कार्रवाई करने के बजाय थाने में तैनात सिपाही मनीष कुमार ने पीड़िता से ‘खर्चा-पानी’ और सरकारी वाहन में पेट्रोल डलवाने के लिए रुपये की मांग की।इसी दौरान सिपाही का कथित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे और मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।
सीओ की जांच में मिली लापरवाहीएसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ हर्ष मोदी को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच में सिपाही का आचरण पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता का पाया गया। जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि उसके व्यवहार से आमजन के बीच पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है।विभागीय जांच के आदेश जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने सिपाही मनीष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तथा विस्तृत विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।भ्रष्टाचार पर सख्त रुख पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विभाग में भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने पर संबंधित सिपाही के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

