रायबरेली- मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण, रायबरेली इरफानुल्लाह खान ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक एवं 31 जुलाई से बढ़ाकर 05 अगस्त 2026 तक खोला गया था। अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के उद्देश्य से ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को पुनः 05 अगस्त से बढ़ाकर 10 अगस्त 2026 कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना के अंतर्गत श्रेणी-1, 2 एवं 3 के जलाशय वाले जनपदों में केज स्थापना। अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में मत्स्यिकी विकास हेतु नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना एवं उत्तर प्रदेश में मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना के लिए इच्छुक लाभार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया तथा आवेदन के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक अभिलेख विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन किया जाता है तो संशोधित प्रावधान ही प्रभावी होंगे। पूर्व वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन निरस्त हो गए थे अथवा प्रतीक्षारत हैं, वे भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आवेदक मत्स्य विभाग के जनपदीय, मंडलीय एवं मत्स्य निदेशालय के कार्यालयों में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं।
