उद्योग विभाग की पहल: ईंट भट्ठों एवं एमएसएमई इकाइयों को बाजार से कम दर पर मिलेगा कोयला

– यूपीएसआईसी पोर्टल पर करें पंजीकरण

रायबरेली- उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य ने बताया कि उ०प्र० लघु उद्योग निगम लिमिटेड, कानपुर द्वारा अवगत कराया गया है कि कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार से उत्तर प्रदेश को आवंटित 100 प्रतिशत कोयले की आपूर्ति हेतु उ०प्र० लघु उद्योग निगम लि०, कानपुर को राज्य की एकमात्र नोडल एजेंसी (SNA) नामित किया गया है। इस व्यवस्था के अंतर्गत कोल इंडिया लि० से कुल 11.39 लाख मीट्रिक टन कोयले का उठान उ०प्र० लघु उद्योग निगम लि०, कानपुर द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जनपद के ईंट भट्ठा उद्योगों एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के अंतर्गत आने वाली लघु औद्योगिक इकाइयाँ कोयला प्राप्त करने के लिए उ०प्र० लघु उद्योग निगम लि० के कोल पोर्टल (Coal.upsic.in) पर पंजीकरण कर अपनी आवश्यकता के अनुसार मांग दर्ज कर सकती हैं।उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्रत्येक ईंट भट्ठे को अधिकतम 900 मीट्रिक टन तथा एमएसएमई की पात्र लघु इकाइयों को अधिकतम 9,600 मीट्रिक टन कोयले का आवंटन किया जा सकता है। यह कोयला बाजार मूल्य की तुलना में कम दर पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उद्योगों को आर्थिक लाभ मिलेगा।  उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशन में वर्तमान ईंधन आपूर्ति की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ईंट भट्ठा उद्योगों एवं एमएसएमई इकाइयों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल की गई है।इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए यूपीएसआईसी के प्रबंधक (कोल) के मोबाइल नंबर 9506393939 अथवा कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, रायबरेली से किसी भी कार्य दिवस में संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *