रायबरेली- जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जनपद रायबरेली में माह अगस्त 2026 का निःशुल्क खाद्यान्न वितरण 5 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। आयुक्त, खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को ई-वेइंग लिंक्ड ई-पॉस मशीनों के माध्यम से निःशुल्क गेहूं एवं फोर्टिफाइड चावल वितरित किया जाएगा।अन्त्योदय कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 14 कि0ग्रा0 गेहूं एवं 21 कि0ग्रा0 फोर्टिफाइड चावल (कुल 35 किलोग्राम) तथा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 2 कि0ग्रा0 गेहूं एवं 3 कि0ग्रा0 फोर्टिफाइड चावल (कुल 5 किलोग्राम) निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के लिए उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न की उपलब्धता, भौतिक सत्यापन, ई-पॉस मशीनों की कार्यशीलता तथा नोडल एवं पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की है। वितरण के दौरान प्रत्येक दुकान पर नामित अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा नियमित निरीक्षण किया जाएगा। कालाबाजारी, घटतौली अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वितरण अवधि के दौरान कोई भी पात्र लाभार्थी खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित न रहे तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी, सुधार एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी उचित दर दुकान से निःशुल्क राशन प्राप्त करें।
